केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने बेटे के साथ महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाई
आरएस अनेजा, 27 जनवरी नई दिल्ली
गृह मंत्री अमित शाह और उनके बेटे व आईसीसी चेयरमैन जय शाह 27 जनवरी को महाकुंभ पहुंचे। पिता-पुत्र के साथ पूरे परिवार ने महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाई। अमित शाह अपने नवजात पोते को भी महाकुंभ में साथ लेकर आए।
इस दौरान जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि और योग गुरु बाबा रामदेव भी मौजूद रहे। अमित शाह ने अपने पोते को हाथ में लेकर संतों से उसे आशीर्वाद दिलवाया। दादा, पिता और पोता तीनों ही भगवा कपड़े पहने हुए हैं। पिछले साल नवंबर में जय शाह तीसरी बार पिता बने थे। उनकी दो बेटियां भी हैं, प्रयागराज में उनके साथ उनकी पत्नी और बेटियां भी आई हुई हैं,. इससे पहले रविवार को पूरा परिवार अयोध्या पहुंचा था यहां जय शाह ने सबसे पहले हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया और फिर रामलला के भी दर्शन किए। वह श्रद्धालुओं के साथ जय श्रीराम का नारा लगाते हुए भी नजर आए। इस दौरान जय शाह ने अयोध्या में राम मंदिर के चल रहे निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। अमित शाह ने सीएम योगी, जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि और योग गुरु बाबा रामदेव के साथ संगम स्नान किया। शाह को संतों ने मंत्रोच्चार के बीच आचमन कराया। इसके बाद शाह ने संगम पर ही परिवार के साथ पूजा की.