ममता बनर्जी का केंद्र सरकार पर आरोप, कहा “बांग्लादेश से घुसपैठ में बीएसएफ कर रही मदद"
आरएस अनेजा, नई दिल्ली 02 जनवरी
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने आज केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए बीएसएफ पर बड़ा आरोप लगाया है। ममता ने कहा कि लोग इस्लामपुर, सीताई, चोपड़ा के रास्ते से बंगाल में घुस रहे हैं, लेकिन कोई कुछ नहीं कर रहा।
ममता ने कहा कि हमारे पास खबर है कि बीएसएफ कुछ काम नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि इस चीज का कोई विरोध क्यों नहीं कर रहे हैं? ममता ने कहा कि सीमा बीएसएफ के हाथ में है और आरोप हमारे पर लगाए जा रहे हैं।
अगर किसी को लगता है कि लोग बंगाल में घुसपैठ कर रहे हैं और तृणमूल को बदनाम कर रहे हैं, तो उन्हें चेतावनी दी जानी चाहिए कि तृणमूल कांग्रेस ये काम नहीं करती है। बीएसएफ के गलत कामों का समर्थन करके तृणमूल को गाली न दें।
ममता ने दावा किया कि राज्य को अस्थिर करने के लिए बांग्लादेशी आतंकवादियों को बंगाल में घुसने दिया जा रहा है। इसे केंद्र का नापाक खाका बताते हुए बनर्जी ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश सीमा की रक्षा करने वाली बीएसएफ बंगाल में घुसपैठ की अनुमति दे रही है और महिलाओं पर अत्याचार भी कर रही है। एक प्रशासनिक बैठक के दौरान ममता बनर्जी की टिप्पणी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस दावे के कुछ सप्ताह बाद आई है कि बांग्लादेश से घुसपैठ बंगाल में शांति को बाधित कर रही है।