मनु भाकर और वर्ल्ड चैंपियन डी गुकेश सहित चार एथलीटों को मिलेगा ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड

चंडीगढ़, 2 जनवरी (अभी) : भारत सरकार ने 4 खिलाड़ियों को 'मेजर ध्यानचंद खेल रत्न' अवॉर्ड देने की घोषणा की है। पेरिस ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट शूटर मनु भाकर, विश्व चेस चैंपियन गुकेश डी, भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पैरा-ओलंपिक में जेवलिन थ्रोवर गोल्ड मेडलिस्ट प्रवीण कुमार को खेल रत्न से सम्मानित किया जाएगा।

बताया गया है कि, जिन खिलाड़ियों को खेल रत्न अवॉर्ड से नवाजा गया है। उन्हें 17 जनवरी, 2025 (शुक्रवार) को सुबह 11 बजे राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में भारत के राष्ट्रपति से अवॉर्ड प्राप्त होंगे। 4 खिलाड़ियों को खेल रत्न के अलावा 32 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड देने की घोषणा भी की गई है। वहीं दो खिलाड़ियों को लाइफ टाइम अर्जुन अवॉर्ड कैटिगरी में शामिल किया गया है।

हरियाणा की छोरी मनु भाकर ने किया था कमाल

पेरिस ओलंपिक-2024 में सबसे पहले शूटर मनु भाकर ने ही मेडल जीता था। हरियाणा की धाकड़ छोरी मनु भाकर ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग स्पर्धा में भारत के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीता। इसी के साथ मनु भाकर ने इतिहास रच दिया था। मनु भाकर ओलंपिक शूटिंग यानि निशानेबाजी में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गईं। इससे पहले भारत के लिए निशानेबाजी में किसी महिला ने ओलंपिक मेडल नहीं जीता था।

मनु भाकर ने एक ही ओलंपिक में 2 मेडल जीते

पेरिस ओलंपिक में भारत को दूसरा मेडल दिलाने में भी मनु भाकर का अहम योगदान रहा। मनु भाकर ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्सड टीम शूटिंग स्पर्धा में अपने सहयोगी निशानेबाज सरबजोत सिंह के साथ मिलकर ऐसा निशाना लगाया था कि, भारत की झोली में दूसरा ब्रॉन्ज मेडल आ गिरा था। इसी के साथ शूटर मनु भाकर ने अपने नाम एक नया खिताब हासिल किया।

लाइफटाइम अचीवमेंट से नवाजे जाएंगे दिग्गज एथलीट

दिग्गज एथलीट सुचा सिंह और मुरलीकांत राजाराम पेटकर का नाम लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड के लिए चुना गया है। सभी एथलीट 17 जनवरी के दिन राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति के हाथों मेजर ध्यान खेल रत्न अवॉर्ड ग्रहण करेंगे। मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड किसी खिलाड़ी द्वारा पिछले चार वर्षों की अवधि में खेल के क्षेत्र में शानदार और सबसे उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया जाता है। वहीं, पिछले चार वर्षों की अवधि में खेलों और खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अच्छे प्रदर्शन और नेतृत्व, खेल कौशल और अनुशासन की भावना दिखाने के लिए अर्जुन अवॉर्ड दिया जाता है।

अर्जुन अवॉर्ड विजेता एथलीट की लिस्ट: सलीमा टेटे (हॉकी), अभिषेक (हॉकी), संजय (हॉकी), जरमनप्रीत सिंह (हॉकी), सुखजीत सिंह (हॉकी), राकेश कुमार (पैरा-तीरंदाजी), प्रीति पाल (पैरा-एथलेटिक्स), जीवनजी दीप्ति (पैरा-एथलेटिक्स), अजीत सिंह (पैरा-एथलेटिक्स), सचिन सरजेराव खिलारी (पैरा-एथलेटिक्स), श्री धर्मबीर (पैरा-एथलेटिक्स), प्रणव सूरमा (पैरा-एथलेटिक्स), एच होकाटो सेमा (पैरा-एथलेटिक्स), सिमरन (पैरा-एथलेटिक्स), नवदीप (पैरा-एथलेटिक्स)।

Previous
Previous

किसानों को शुरू से ही गुमराह करती आ रही है केंद्र सरकार – कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा

Next
Next

6 तक बूथ, 12 जनवरी तक मंडल अध्यक्षों के चुनाव के निर्देश, भाजपा ने चुनाव को उत्सव के रूप में मनाने के लिए कहा