उपग्रहों की अंतरिक्ष डॉकिंग के सफल प्रदर्शन के लिए राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री ने इसरो को बधाई दी

आरएस अनेजा, 16 जनवरी नई दिल्ली

भारत की अंतरिक्ष एजेंसी इसरो ने अपने स्पेडेक्स मिशन के तहत अंतरिक्ष में सफल डॉकिंग कर इतिहास रच दिया है। ऐसा करने वाला भारत दुनिया का चौथा देश बन गया है। वहीं इसरो की इस सफलता पर राष्ट्रपति, पीएम मोदी और केंद्रीय मंत्री समेत कई लोगों ने बधाई दी है।

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने गुरुवार सुबह अंतरिक्ष में डॉकिंग कर इतिहास रच दिया है। इसके साथ ही भारत अमेरिका, रूस, चीन के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाला चौथा देश बन गया है। इसे लेकर इसरो ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, 'भारत ने अंतरिक्ष इतिहास में अपना नाम दर्ज कर लिया है। सुप्रभात भारत, इसरो के स्पेडेक्स मिशन ने ‘डॉकिंग’ में ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। इस क्षण का गवाह बनकर गर्व महसूस हो रहा है।'

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को कहा कि भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम ने दो उपग्रहों की सफल डॉकिंग के साथ एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की और देश की अंतरिक्ष क्षमताओं को बढ़ाने के लिए इसरो और उसके वैज्ञानिकों को बधाई दी। राष्ट्रपति भवन की तरफ से किए गए एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'भारत अंतरिक्ष डॉकिंग क्षमता का प्रदर्शन करने वाला चौथा देश है। यह उपलब्धि चंद्रयान-4, भारत के नियोजित अंतरिक्ष स्टेशन और गगनयान जैसे अंतरिक्ष अन्वेषण में भारत के भविष्य के प्रयासों का मार्ग प्रशस्त करती है।' राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा,'अंतरिक्ष डॉकिंग प्रयोग, स्पेडेक्स के तहत लॉन्च किए गए दो उपग्रहों की सफल डॉकिंग के साथ भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।' राष्ट्रपति ने कहा कि भारत की अंतरिक्ष क्षमताओं को बढ़ावा देने के लिए इसरो और देश के सभी वैज्ञानिक और इंजीनियर समुदाय को बधाई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को इसरो के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को अंतरिक्ष में दो उपग्रहों की सफल डॉकिंग पर बधाई दी। पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'इसरो के हमारे वैज्ञानिकों और पूरे अंतरिक्ष समुदाय को उपग्रहों की अंतरिक्ष डॉकिंग के सफल प्रदर्शन के लिए बधाई। यह आने वाले वर्षों में भारत के महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष मिशनों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।'

Previous
Previous

कैबिनेट ने श्रीहरिकोटा में “तीसरे लॉन्च पैड” की स्थापना को मंजूरी दी

Next
Next

हिमाचल के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बल्क ड्रग पार्क के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए