अभिनेता सैफ अली खान पर जानलेवा हमला, अस्पताल में भर्ती
आरएस अनेजा, 16 जनवरी नई दिल्ली
मुंबई से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर चाकू से हमला हुआ है। घर में घुसे चोर ने सैफ अली खान पर हमला किया। सैफ अली खान लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं। घटना रात करीब 2 बजे की है, जब घर में घुसे चोर ने सैफ अली खान पर धारदार हथियार से हमला किया। बताया जा रहा है कि चोर ने सैफ के शरीर पर 2-3 बार वार किए, जिससे वह घायल हो गए। तुरंत बाद सैफ को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस घटना की जांच कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि हमला किसने किया और इसके पीछे क्या कारण था। फिलहाल हमले के समय सैफ अली खान के परिवार के अन्य सदस्य कहां थे, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, करीना कपूर के बारे में जानकारी मिली है कि उन्होंने अपनी बहन करिश्मा कपूर, रिया कपूर और सोनम कपूर के साथ एक पार्टी में हिस्सा लिया था।
वहीं, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि सैफ पर हमले के वक्त करीना कपूर अपनी दोस्तों के साथ पार्टी में थीं या फिर घर वापस लौट चुकी थीं। इस हमले ने बॉलीवुड के गलियारों में हड़कंप मचा दिया है और हर कोई इस घटना के बारे में और जानकारी मिलने का इंतजार कर रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों का खुलासा होने की संभावना है।
सैफ की न्यूरो सर्जरी हो गई है। उनके शरीर से दो से तीन इंच लंबा शार्प ऑब्जैक्ट निकाला गया है। यह चाकू का ही हिस्सा बताया जा रहा है। इस हमले में सैफ अली खान की हाउस हेल्प भी घायल हुई हैं। हाउस हेल्प को मामूली चोटें आई हैं। सूत्रों का कहना है कि घर में एक डक्ट थी, जो बेडरूम के भीतर खुलती है। शुरुआती जांच में पता चला है कि ऐसी संभावना है कि इसी डक्ट से चोर घर में घुसे थे।