नामांकन से पहले सीएम आतिशी ने रोड शो किया
आरएस अनेजा, नई दिल्ली 13 जनवरी
दिल्ली में विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा हो चुकी है। इसी के साथ दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर एक साथ पांच फरवरी को मतदान होंगे और आठ फरवरी को परिणाम सामने आएंगे। चुनावी माहौल के बीच दिल्ली में आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस समेत अन्य सभी पार्टियां अपनी ताकत झोंक रही हैं।
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने सोमवार को नामांकन दाखिल करने से पहले रोड शो निकाला। रैली में मुख्यमंत्री आतिशी और ‘आप’ के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया भी शामिल हुए।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास दिल्लीवालों के लिए करने के लिए कुछ भी नहीं है। उन्होंने आज तक कोई काम नहीं किया है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में आम आदमी पार्टी के पक्ष में भारी जनसमर्थन है और यह जनसमर्थन हमें काम के आधार पर मिला है, क्योंकि अरविंद केजरीवाल जी काम भी करते हैं और जो काम रोकता है, उससे लड़ते भी हैं। उनके पास एक ऐसी टीम है, जो किसी भी कीमत पर नहीं टूटती है, बल्कि हर परिस्थिति में लड़ती है। उन्होंने कहा कि उनके पास गाली देने के अलावा कुछ भी नहीं है, लेकिन हम गाली नहीं देते हैं, बल्कि हमने जनता के लिए कई काम किए हैं और आज की तारीख में हमारे पास काम गिनाने के लिए बहुत कुछ है। हमने हर क्षेत्र में काम किए हैं। हमने शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य क्षेत्रों में दिल्ली की जनता के हितों को देखते हुए कई काम किए हैं। इससे पहले आतिशी ने कालकाजी मंदिर में पूजा कर मां कालका का आशीर्वाद लिया।