जालना में मारवाड़ी मंच द्वारा कार्यक्रम आयोजित, राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे का किया अभिनंदन

राजस्थान, 11 जनवरी (अभी): राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने कहा है कि मारवाड़ी उद्यमिता के गुणों से युक्त मानव समुदाय है। जहां—जहां मारवाड़ी गए हैं, उन्होंने वहां की अर्थव्यवस्था को सुदृढ करने में योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि जहां—जहां बैलगाड़ी पहुंची वहां—वहां मारवाड़ी भी पहुंचे और वहां के विकास में अपना योगदान दिया है। उन्होंने जालना के मारवाड़ी उद्यमियों की चर्चा करते हुए महाराष्ट्र और पूरे देश में उनके महान योगदान को महत्वपूर्ण बताया।

श्री बागडे शनिवार को जालना में मारवाड़ी मंच द्वारा आयोजित "पधारो म्हारा देश" कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कठिन संघर्ष से तप कर मारवाड़ियों ने राष्ट्र के उद्योगों में अपना स्थान बनाया है। उन्होंने अर्थव्यवस्था में मारवाड़ियों के योगदान को महती बताते हुए उनके द्वारा परोपकार के लिए किए कार्यों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने मारवाड़ी समुदाय द्वारा उद्यमिता विकास के जरिए राष्ट्र समृद्धि के किए कार्यों की सराहना की।

राज्यपाल ने कहा कि देश के प्रमुख उद्योगपतियों की सूची में राजस्थानी उद्योगपतियों की संख्या सबसे ज्यादा है। फोर्ब्स की सूची में भी देश के प्रमुख उद्योगपतियों और धनी व्यक्तियों में मारवाड़ी अग्रणी हैं। उन्होंने कहा कि मारवाड़ी कोई जाति नहीं है, बल्कि विशिष्ट सामाजिक-सांस्कृतिक समूह का सूचक है। यह उद्यमिता के गुणों से युक्त मानव समुदाय है।

आरंभ में राज्यपाल श्री बागडे का मारवाड़ी मंच द्वारा अभिनंदन किया गया। उन्होंने मारवाड़ी मंच के पदाधिकारियों से संवाद कर राजस्थान में निवेश के लिए भी उन्हें प्रोत्साहित किया।

Previous
Previous

महिला एवं बाल विकास देश-प्रदेश की प्रगति की आधारशिला राज्य सरकार योजनाओं का कर रही प्रभावी क्रियान्वयन महिलाओं-बच्चों के उत्थान के लिए राज्य सरकार संवेदनशील - मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा

Next
Next

हमीरपुर चिकित्सा महाविद्यालय पर व्यय किए 470 करोड़, कैंसर संस्थान के लिए 85 करोड़ जारीः मुख्यमंत्री  ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू