सी-विजिल बन रही चुनाव आयोग की तीसरी आँख,हरियाणा में अब तक 2888 शिकायतें हो चुकी हैं प्राप्त

चंडीगढ़, (KK)– हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री अनुराग अग्रवाल ने कहा कि राज्य में लोकसभा आम चुनाव और विधानसभा उपचुनाव को निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। चुनाव के दौरान लागू आदर्श आचार संहित का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है। आयोग द्वारा विकसित सी-विजिल मोबाइल एप भी चुनावों के दौरान आयोग के लिए तीसरी आँख का काम कर रही है। सी-विजिल के माध्यम से राज्य में अब तक 2888 शिकायतें प्राप्त हो चुकी हैं।

        श्री अग्रवाल ने कहा कि नागरिकों द्वारा पैनी नजर रखी जा रही है। ज्यों ही उन्हें आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की जानकारी मिलती है, त्यों ही वे चुनाव आयोग को अपनी शिकायतें भेजते हैं। इन शिकायतों का 100 मिनट के अंदर समाधान किया जाता है। आमजन “सी-विजिल” मोबाइल एप के माध्यम से सिस्टम में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रहे हैं, यह गौरव की बात है।

        उन्होंने जिलावार विवरण देते हुए बताया कि सर्वाधित शिकायतें 517 जिला सिरसा से प्राप्त हुई हैं। इसके लिए अलावा, जिला अंबाला से 481, भिवानी से 75, फरीदाबाद से 449, फतेहाबाद से 103, गुड़गांव से 230, हिसार से 172, झज्जर से 34, जींद से 54, कैथल से 67, करनाल से 23, कुरुक्षेत्र से 61, महेंद्रगढ़ से 10, मेवात से 46, पलवल से 74, पंचकूला से 123, पानीपत से 16, रेवाड़ी से 31, रोहतक से 110, सोनीपत से 140 तथा यमुनानगर से 72 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। कुल शिकायतों में से 2494 शिकायतों को रिटर्निंग अधिकारियों व सहायक रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा सही पाया गया और इन पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

        उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि चुनावों को निष्पक्ष, स्वच्छ और पारदर्शी बनाने में नागरिक अपना सहयोग करें। इस सी-विजिल एप को गूगल प्ले स्टोर से एंड्राइड फोन तथा एप स्टोर से आई फोन पर डाउनलोड कर सकते हैं। आमजन फोटो खींच सकते हैं या दो मिनट की वीडियो भी रिकॉर्ड करके इस एप पर अपलोड कर सकते हैं। वह फोटो और वीडियो जीपीएस लोकेशन के साथ एप पर अपलोड हो जाएगी। शिकायत दर्ज करने के 100 मिनटों में शिकायत का समाधान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि फलाइंग स्क्वाड, स्टेटिक सर्विलेंस टीमों की लाइव जानकारी रहती है और सी-विजिल एप पर जिस स्थान से शिकायत प्राप्त होती है तो निकट टीमें तुरंत वहां पहुंचेंगी।

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री अनुराग अग्रवाल ने कहा कि लोकसभा आम चुनाव 2024 की नामांकन प्रक्रिया आरंभ होने के साथ ही चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों व राजनीतिक पार्टियों को चुनाव प्रचार के समय रोड शो, चुनाव रैलियों के लिए जनसाधारण को असुविधा न हो इसके लिए चुनाव आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना करनी होगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि केवल चुनाव प्रचार के लिए दोपहिया वाहनों का उपयोग यातायात नियमों के अनुसार ही करना होगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा वाहन को छोड़कर 10 से ज्यादा वाहनों के काफिले के चलने की अनुमति नहीं होगी। सभी बड़े वाहनों के काफिलों में यदि कोई केंद्रीय मंत्री, राज्य का मंत्री या अन्य विशेष व्यक्ति शामिल है तो काफिलों को 10 वाहनों में तोड़ा जाएगा और दूसरे काफिले में कम से कम 100 मीटर का फासला होगा।


श्री अग्रवाल ने कहा कि एक बाइक पर एक से डेढ़ फीट के झंडे को साथ लेकर चलने की अनुमति होगी। रोड शो के समय जनसाधारण की सुरक्षा को ध्यान में रखा जाएगा और आधी सड़क पर आवाजाही की अनुमति होगी। रोड शो में पशुओं व स्कूल वर्दी में बच्चों को शामिल करने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध होगा। रोड़ शो के दौरान पटाखे फोड़ने व हथियार लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा। 

रात 10 से प्रातः 6 बजे तक लाउडस्पीकर के उपयोग पर रहेगा प्रतिबंध

उन्होंने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान सार्वजनिक मंचों पर या वाहनों पर लगाए गए लाउडस्पीकरों के प्रयोग पर रात 10 से प्रातः 6 बजे तक प्रतिबंध रहेगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी हर प्रकार के चुनाव प्रचार पर निगरानी रखेंगे और आयोग को रिटर्निंग अधिकारी के माध्यम से सूचित करेंगे।

 मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए बनाए गए हैं चुनाव आइकन

श्री अनुराग अग्रवाल ने कहा कि हरियाणा का मतदाता राजनैतिक रूप से जागरूक है फिर भी आयोग ने भी गैर राजनैतिक विभूतियों को चुनाव का आइकन बनाया है। संयोग से फिल्म अभिनेता राजकुमार राव जो कि राष्ट्रीय आइकन हैं वे मूल रूप से हरियाणा से हैं और ओलंपियन सूबेदार मेजर नीरज चोपड़ा भी हरियाणा के रहने वाले हैं। इसी प्रकार फिल्म अभिनेता आयुष्मान खुराना का संबंध से हरियाणा है। उन्होने कहा कि सभी जिला निर्वाचन अधिकारी अपने-अपने जिलों का चुनाव आइकन बनाए। उनका मतदान केंद्रों पर कट आउट व सेल्फी प्वाइंट भी बनाए। इसके अलावा पहली बार मतदान कर रहे युवाओं को चुनाव का पर्व-देश का गर्व के बारे भी जानकारी दें। स्वीप कार्यक्रमों के तहत पेंटिंग, स्लोगन, प्रश्नोत्तरी इत्यादि की प्रतियोगिताएं आयोजित कराएं और प्रतिभागियों को सम्मानित करें।  
 
श्री अग्रवाल ने बताया कि चुनावों में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए विभिन्न जिलों में चुनाव आइकॉन बनाये गए हैं जो नागरिकों को मतदान करने के लिए प्रेरित करेंगे। इनमें एशियाई गेम्स 2023 में निशानेबाज़ी में स्वर्ण पदक विजेता पलक को झज्जर जिले के लिए, 19वें एशियाई गेम्स में निशानेबाज़ी में रजत पदक विजेता आदर्श सिंह को फरीदाबाद जिले  के लिए , 19वें सीनियर पैरा पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली सुमन देवी व भोपाल में हुई नेशनल स्कूल गेम्स  में  राज्य की टीम की खिलाडी याशिका को पानीपत जिले  के लिए  तथा 19वें एशियाई गेम्स में निशानेबाज़ी में रजत पदक विजेता सरबजोत सिंह को अंबाला जिले  के लिए आइकॉन बनाया गया है। इसी प्रकार विश्व चैंपियन में स्वर्ण पदक विजेता महिला पहलवान सोनम मलिक को सोनीपत जिले  के लिए, ओलम्पिक हॉकी ख़िलाड़ी सुरिंदर कौर को कुरुक्षेत्र जिले  के लिए  तथा राष्ट्रीय युवा महोत्सव में गायकी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली मुस्कान फतेहाबाद के लिए जिला चुनाव आइकॉन बनाया गया है।

Danik Khabar ( दैनिक खबर )

DanikKhabar is a Multilingual

news website that provides news and updates on various topics such as politics, entertainment, sports, and more.

https://www.danikkhabar.com
Previous
Previous

आजादी की पहली लड़ाई के शहीदी स्मारक का निर्माण कार्य 15 अगस्त तक हो जाएगा पूरा 

Next
Next

फसल अवेशष को जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए कृषि विभाग ने किया टीमों का गठन