लोकसभा चुनावों के मद्देनजर हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक

चंडीगढ़, (KK)- हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री अनुराग अग्रवाल ने प्रदेश के सभी 1 करोड़ 98 लाख 29 हजार 675 मतदाताओं से आह्वान किया है कि 25 मई, 2024 को होने वाले लोकसभा चुनाव के आम चुनाव के दिन अपने मताधिकार का प्रयोग कर "चुनाव का पर्व, देश का गर्व" का हिस्सा बनें क्योंकि राजनीतिक पार्टियों की व मतदाताओं की भागीदारिता लोकतंत्र में जरूरी है।

        श्री अग्रवाल ने यह जानकारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में बुलाई गई मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय व राज्य की राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों की बैठक को सम्बोधित करते हुए दी।

        उन्होंने कहा कि 16 मार्च, 2024 को चुनाव आयोग द्वारा वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों व  राजनीतिक पार्टियों को इसकी पालना करना अनिवार्य है। ज्योंही उम्मीदवार अपना नामांकन पत्र दाखिल करेगा त्योंही उसके चुनावी खर्चे की गणना आरंभ हो जाएगी उसके लिए उम्मीदवारों को अलग से बिल खाते का ब्यौरा देना होगा। सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए प्रतिभूति राशि 25 हजार रुपये तथा अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों के लिए 12 हजार 500 रुपये होगी।

श्री अग्रवाल ने कहा कि नामांकन पत्र भरते समय चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों को फॉर्म 26 एफिडेविट के रूप में भरकर देना होगा जिसे नोटरी या क्लास वन मजिस्ट्रेट से सत्यापित करवाना होगा। स्टार कंपैनर के लिए वाहन के उपयोग के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से अनुमति प्राप्त करनी होगी। चुनाव के दिन एक वाहन में चालक सहित अधिकतम पाँच व्यक्तियों की अनुमति होगी। चुनाव रैलियों के लिए उपायुक्त कम जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा स्थान निर्धारित किये जायेंगे।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने कुछ मोबाइल एप्लीकेशन तैयार किए हैं जिनमें वोटर हेल्पलाइन, सूक्ष्म ईसीआई, सी विजिल, वोटर टर्न आउट, अपने प्रत्याशी के बारे में जाने शामिल है। इन एप्लीकेशन से मतदाताओं को घर बैठे तमाम जानकारियां उपलब्ध करवाने की सुविधा दी गई है। प्रदेश में कुल 19 हजार 812 मतदान केन्द्र स्थापित होंगे जिनमें सभी मूलरूप जन सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

        राजनीतिक पार्टियों की ओर से भारतीय जनता पार्टी से श्री वरिंदर गर्ग, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से श्री तलविंद्र सिंह व आर डी सैनी और आम आदमी पार्टी की ओर से सुश्री वीनस मलिक तथा जननायक जनता पार्टी से श्री राम नारायण यादव और इनेलो की ओर से श्री सत्यव्रत ने प्रतिनिधियों के रूप बैठक में हिस्सा लिया।

        इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्रीमती हेमा शर्मा, संयुक्त निर्वाचन अधिकारी श्री अपूर्व व श्री राजकुमार के अलावा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Danik Khabar ( दैनिक खबर )

DanikKhabar is a Hindi news website that provides news and updates on various topics such as politics, entertainment, sports, and more.

https://www.danikkhabar.com
Previous
Previous

इग्नू के ऑनलाइन पोर्टल पर 31 मार्च तक भरें परीक्षा फॉर्म

Next
Next

विज बोले हरियाणा में 10 नही 11 सीटें आयेगी