गांधी परिवार पर जमकर बरसे पूर्व केंद्रीय एवं सांसद अनुराग ठाकुर

पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार पर सियासत करने पर सोनिया गांधी व राहुल गांधी को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि गांधी परिवार का स्तर काफी गिर चुका है, वे ये भूल गए कि 2013 में उनकी सरकार के शासनकाल में ही निगम बोध पर संस्कार करने का फैसला लिया गया था। उन्होंने कांग्रेस पार्टी से सवाल किया कि वे बताएं कि उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव का संस्कार दिल्ली में क्यों नहीं होने दिया, वे बताएं कि सीता राम केसरी की मृत्यु पर क्या हुआ था? उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने तुरंत कैबिनेट की बैठक बुलाकर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का स्मारक बनाने का फैसला लिया।

पूर्व केंद्रीय एवं सांसद अनुराग ठाकुर रविवार को फतेहाबाद पहुंचे। वे पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद लौटते हुए फतेहाबाद रुके थे।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2013 में यूपीए सरकार थी और उस समय यह फैसला लिया गया था कि किसका अंतिम संस्कार कहां होगा। उन्होंने कहा मोदी सरकार ने केबिनेट बैठक बुलाकर पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके स्मारक बनाने की मंजूरी दी गई। ट्रस्ट और सोसायटी बनाने की मंजूरी देकर काम शुरू करवाया गया, लेकिन कांग्रेस यहां भी अपनी राजनीति से पीछे नहीं हट रही। किसान आंदोलन के मुद्दे पर बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों के हितों के कई अहम फैसले लिए।

उन्होंने कहा कि यह केवल कांग्रेस का दुष्प्रचार था कि एमएसपी बंद होगी। उन्होंने कहा कि आज देश में कहीं भी एमएसपी बंद नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में साढ़े पांच लाख करोड़ की राशि एमएसपी पर खर्च की जबकि भाजपा की सरकार ने साढ़े 18 लाख करोड़ रुपये की राशि एमएसपी पर खर्च की है।

यूपीए सरकार की तुलना में धाान एवं अन्य अनाज की खरीद दोगुना की गई है। पंजाब की भगवंत मान सरकार पर बरसते हुए अनुराग ठाकुर बोले कि पंजाब की भगवंत मान सरकार दावा करती थी कि अगर किसानों की फसल कोई नहीं खरीदेगा तो हम सभी फसलें खरीदेंगे।

उन्होंने कहा कि भगवंत सरकार को खुली चुनौती है कि वे बताएं आज तक उनकी सरकार कितनी फसलें खरीदी हैं। कितने खरीद केंद्र और स्टोरेज सेंटर बनाए गए हैं।

आम आदमी पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल को आड़े हाथ लेते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि अरविंद केजरीवाल का जनाधार समाप्त हो चुका है।

Previous
Previous

सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति वी रामसुब्रमण्यन राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के नए अध्यक्ष बने

Next
Next

महाकुंभ 2025 के लिए उत्तर प्रदेश सरकार सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों और राज्यपालों को करेगी आमंत्रित