ओमप्रकाश चौटाला के निधन पर शोक जताने पहुंचे केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह

23 दिसंबर 2024 (अभी) - हरियाणा के पांच बार मुख्यमंत्री रहे चौ. ओमप्रकाश चौटाला के निधन पर शोक जताने के लिए मंगलवार को केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह डबवाली क्षेत्र के तेजाखेड़ा फार्म हाउस पहुंचे। वहां उन्होंने चौटाला परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की।

राजनाथ सिंह ने चौ. ओमप्रकाश चौटाला के भाई चौ. रणजीत सिंह, पुत्र अजय सिंह और अभय सिंह, पौत्र दिग्विजय सिंह, दुष्यंत चौटाला, कर्ण चौटाला, अर्जुन चौटाला, और भतीजे आदित्य देवीलाल से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की।

उन्होंने कहा, “चौ. ओमप्रकाश चौटाला की बेबाकी, निर्भीकता और संवेदनशीलता मुझे हमेशा प्रभावित करती रही। उनके निधन से मुझे व्यक्तिगत रूप से गहरी क्षति हुई है। परमात्मा से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।”

राजनाथ सिंह ने चौटाला की तुलना भारत के महान किसान नेताओं से करते हुए कहा कि, “चौ. ओमप्रकाश चौटाला सर छोटू राम, चौ. चरण सिंह और चौ. देवीलाल की विचारधारा के पथिक थे।”

राजनाथ सिंह ने कहा, “उन्होंने ताउम्र गैर कांग्रेसवाद का झंडा बुलंद रखा और एनडीए के महत्वपूर्ण सहयोगी रहे। उनके निधन से भारतीय राजनीति में एक युग का अंत हुआ है।”

चौ. ओमप्रकाश चौटाला का 20 दिसंबर को निधन हो गया था। 21 दिसंबर को तेजाखेड़ा फार्म हाउस पर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। सिरसा वायुसेना केंद्र पर पहुंचने पर उपायुक्त सुशांत शर्मा और अन्य भाजपा नेताओं ने राजनाथ सिंह का स्वागत किया।

Previous
Previous

Weather Update: हरियाणा, पंजाब व चंडीगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, हल्की बारिश से ठिठुरन बढ़ी

Next
Next

पिहोवा विधानसभा क्षेत्र के 15 गांवों में जलापूर्ति के लिए 10 करोड़ रुपये की लागत से बिछाई जाएगी पाइप लाइन