केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण ने यूपीएससी सीएसई 2023 के परिणामों के संबंध में भ्रामक दावों का विज्ञापन करने के लिए शुभ्रा रंजन आईएएस स्टडी पर 2 लाख रुपये का जुर्माना लगाया
आरएस अनेजा, नई दिल्ली 22 दिसम्बर
केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) ने शुभ्रा रंजन आईएएस स्टडी पर भ्रामक विज्ञापन के लिए 2 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। यह निर्णय उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा और संवर्धन के हित में और यह सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है कि किसी भी वस्तु अथवा सेवा का कोई गलत या भ्रामक विज्ञापन न किया जाए जिससे उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के प्रावधानों का उल्लंघन होता है। उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के उल्लंघन के मद्देनजर मुख्य आयुक्त निधि खरे और आयुक्त अनुपम मिश्रा की अध्यक्षता वाली सीसीपीए ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2023 के संबंध में भ्रामक विज्ञापन के लिए शुभ्रा रंजन आईएएस स्टडी के खिलाफ आदेश जारी किया है।
कोचिंग संस्थान और ऑनलाइन एडटेक प्लेटफॉर्म संभावित उम्मीदवारों (उपभोक्ताओं) को प्रभावित करने के लिए सफल उम्मीदवारों की तस्वीरों और नामों का उपयोग करते हैं, जबकि ऐसे उम्मीदवारों द्वारा चुने गए पाठ्यक्रम या उनके द्वारा भुगतान की गई फीस और पाठ्यक्रम की अवधि का खुलासा नहीं किया जाता है। शुभ्रा रंजन आईएएस स्टडी ने अपने विज्ञापन में दावे किए थे जिनमें “शीर्ष 100 में 13 छात्र”, “टॉप 200 में 28 छात्र”, यूपीएससी सीएसई 2023 में “टॉप 300 में 39 छात्र”। इसके अलावा, विज्ञापनों में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2023 के सफल उम्मीदवारों की तस्वीरों और नामों को प्रमुखता से दर्शाया गया है, जबकि ऐसे उम्मीदवारों द्वारा चुने गए विशिष्ट पाठ्यक्रम के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। शुभ्रा रंजन आईएएस स्टडी ने सफल उम्मीदवारों के नाम और तस्वीरें प्रमुखता से प्रदर्शित कीं और साथ ही साथ उनके द्वारा प्रदान किए जाने वाले विभिन्न प्रकार के पाठ्यक्रमों का विज्ञापन अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर दिया। हालाँकि, यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2023 में उक्त सफल उम्मीदवारों द्वारा चुने गए पाठ्यक्रम के संबंध में जानकारी उपर्युक्त विज्ञापन में प्रकट नहीं की गई थी।
संस्थान लगभग 50 से अधिक पाठ्यक्रम की सुविधा करता है। हालाँकि, डीजी जांच रिपोर्ट में पाया गया कि अधिकांश सफल छात्रों ने राजनीति विज्ञान और अंतर्राष्ट्रीय संबंध (पीएसआईआर) क्रैश कोर्स और टेस्ट सीरीज़ ली थी, जो प्रारंभिक परीक्षा पास करने के बाद लागू होती है। यह उपभोक्ता का अधिकार है कि उसे सीएसई के अंतिम चयन में जगह बनाने के लिए कोचिंग संस्थान से सफल उम्मीदवारों द्वारा लिए गए विशिष्ट पाठ्यक्रम के बारे में जानकारी मिले। संभावित उपभोक्ताओं के लिए, यह जानकारी सीएसई में उनकी सफलता के लिए पाठ्यक्रम के बारे में सूचित विकल्प बनाने में योगदान देगी।
प्रत्येक सफल अभ्यर्थी द्वारा चुने गए विशिष्ट पाठ्यक्रम के बारे में जानकारी को जानबूझकर छिपाकर, संस्थान ने ऐसा दिखाया कि उसके द्वारा प्रस्तुत सभी पाठ्यक्रमों की सफलता दर उपभोक्ताओं के लिए समान है, जो सही नहीं था।