प्रधानमंत्री किसानों के सबसे बड़े हितैषी हैं: सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा
चंडीगढ़, 12 दिसंबर- हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी किसानों के सबसे बड़े हितैषी हैं। किसानों की आय बढ़ाने के लिए केंद्र व राज्य सरकार द्वारा अनेक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे आंदोलन से दूर रहें और प्रदेश के विकास में अपना योगदान दें। कुछ लोग प्रदेश का माहौल खराब करना चाहते हैं। डॉ. अरविंद शर्मा ने गुरुवार को रोहतक में सहकारी चीनी मिल, महम के 35वें गन्ना पिराई सत्र का विधिवत उद्घाटन करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों को ऐसे लोगों से सावधान रहना चाहिए।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि गन्ना किसानों को मजदूरों की कमी की समस्या से निजात दिलाने के लिए सरकार प्रत्येक मिल को करीब 4-4 छोटे गन्ना हार्वेस्टर उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने देगी।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार सभी फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कर रही है।उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार किसानों, महिलाओं व गरीबों के कल्याण के लिए काम कर रही है।