*पिछले लगभग साढ़े 9 साल में वर्तमान राज्य सरकार ने जिस तरह की पारदर्शी व्यवस्था बनाई, सच्चा प्रयास किया, जनभागीदारी को बढ़ावा दिया, उसने असंभव को भी संभव कर दिखाया - गृह मंत्री अनिल विज*

*पिछले लगभग साढ़े 9 साल में वर्तमान राज्य सरकार ने जिस तरह की पारदर्शी व्यवस्था बनाई, सच्चा प्रयास किया, जनभागीदारी को बढ़ावा दिया, उसने असंभव को भी संभव कर दिखाया - गृह मंत्री अनिल विज*

*हमने पिछले साढे 9 सालों में जातिवाद, क्षेत्रवाद और भाई-भतीजावाद से ऊपर उठकर काम किया - अनिल विज*

*प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ओजस्वी और दूरदर्शी नेतृत्व में आज हम उनके सपनों का भारत बनाने की ओर दृढ़ता से आगे बढ़ रहे हैं - विज*

*दुनिया के सबसे बड़े गणतंत्र, भारत के नागरिक होने का हमें गर्व, 74 साल पहले आज के दिन हमारे देश में गणतंत्र का नया सुरज उगा- विज*

*गृह मंत्री ने यमुनानगर के तेजली स्टेडियम में फहराया तिरंगा, ली परेड की सलामी, शहीदी स्मारक जाकर शहीदों को किया नमन*

चण्डीगढ, (KK)- हरियाणा के गृह मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि पिछले लगभग साढ़े 9 साल में वर्तमान राज्य सरकार ने जिस तरह की पारदर्शी व्यवस्था बनाई, सच्चा प्रयास किया, जनभागीदारी को बढ़ावा दिया, उसने असंभव को भी संभव कर दिखाया है। हमने पिछले साढे 9 सालों में जातिवाद, क्षेत्रवाद और भाई-भतीजावाद से ऊपर उठकर काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ओजस्वी और दूरदर्शी नेतृत्व में आज हम उनके सपनों का भारत बनाने की ओर दृढ़ता से आगे बढ़ रहे हैं। लोगों की आशाएं और आकांक्षाएं फलीभूत हो रही हैं।

श्री विज आज 75वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष में यमुनानगर में तेजली खेल परिसर जगाधरी में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के उपरांत उपस्थितजनों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मार्च पास्ट का निरीक्षण कर परेड की सलामी ली और पुलिस लाईन जगाधरी में शहीदी स्मारक पर जाकर शहीदों को नमन कर उन्हें पुष्प अर्पित भी किए।

जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने गणतंत्र दिवस की मुबारकबाद और शुभकामनाएं दी व देश की आजादी के लिए अपने प्राणों को न्योछावर करने वाले सभी ज्ञात व अज्ञात शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि आज का दिन हमारे देश के इतिहास में वह महान दिन है जब हमने दुनिया के सबसे बड़े गणतंत्र, भारत के नागरिक होने का गौरव पाया। आज के दिन 74 साल पहले हमारे देश में गणतंत्र का नया सूरज उगा।

गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ओजस्वी और दूरदर्शी नेतृत्व में आज हम उनके सपनों का भारत बनाने की ओर दृढ़ता से आगे बढ़ रहे हैं। लोगों की आशाएं और आकांक्षाएं फलीभूत हो रही हैं। प्रधानमंत्री जी ने अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण कार्य पूरा करके प्रभु राम जी की प्राण प्रतिष्ठा करके पूरे देश में करोड़ों देशवासियों की आस्था को मजबूती दी है।

*देश की सीमाओं की निगहेबानी करने वाले वीर सैनिकों के कारण हमारी यह आजादी सुरक्षित - विज*

गृह मंत्री ने कहा कि हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों के कठोर संघर्ष से हमें आजादी मिली तो वहीं दिन-रात मुस्तैदी से देश की सीमाओं की निगहेबानी करने वाले वीर सैनिकों के कारण हमारी यह आजादी सुरक्षित है। आज पूरा देश उनका ऋणी है। उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए हमने युद्ध के दौरान शहीद हुए हरियाणा के सैनिकों और अर्ध-सैनिक बलों के जवानों की अनुग्रह राशि 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है। इसी प्रकार, आई.ई.डी. ब्लास्ट में शहीद होने पर भी अनुग्रह राशि 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है। अब तक शहीदों के 367 आश्रितों को अनुकम्पा के आधार पर नौकरी प्रदान की गई है।

*भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए पारदर्शी शासन दिया - विज*

स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि ‘सुशासन से सेवा’ के संकल्प के साथ जनसेवा का दायित्व संभालने वाली वर्तमान सरकार ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘सबका साथ-सबका विकास’ और ‘हरियाणा एक-हरियाणवी एक’ के मूलमंत्र पर चलते हुए पूरे हरियाणा और हरेक हरियाणवी की तरक्की और उत्थान के लिए काम किया है। भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए पारदर्शी शासन दिया है। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल का ही कमाल है कि आज गरीब की बेटी की शादी का शगुन, बुजुर्ग की पेंशन, विधवा की पेंशन, विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति एक क्लिक पर सीधे उसके खाते में जाती है। खाद, बीज, मशीनरी की सब्सिडी, फसल का मुआवजा, फसल खरीद का पैसा एक क्लिक पर किसान के खाते में जाता है। उन्होंने कहा कि यह भी पोर्टल का ही कमाल है कि अब किसानों को अपनी जमीन की फर्द लेने के लिए पटवारियों के चक्कर नहीं काटने पड़ते। अब वे एक क्लिक पर ही अपनी फर्द निकाल सकते हैं। अब विदेश जाने के इच्छुक युवा अपना पासपोर्ट बनवाने के लिए जरूरी दस्तावेज घर बैठे ऑनलाइन ही अपलोड कर सकते हैं।

*पिछले साढे 9 साल में हरियाणा सद्भाव, सौहार्द, समान विकास, समरसता के साथ-साथ उन बदलावों का साक्षी रहा है- विज*

हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि पिछले साढे 9 साल में हरियाणा सद्भाव, सौहार्द, समान विकास, समरसता के साथ-साथ उन बदलावों का साक्षी रहा हैं, जिनसे हर आदमी का जीवन सरल, सुगम और सुरक्षित हुआ है। हमने जनसेवा और जनता के बीच दीवार बन चुकी व्यवस्था को मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल जी के कुशल नेतृत्व में न केवल बदलने का काम किया है, बल्कि ऐसी व्यवस्था देने का प्रयास किया है, जिसमें जन-जन को योजनाओं और सेवाओं का लाभ सरल तरीके से प्राप्त हो। देश की आजादी से लेकर लम्बे समय तक गरीब कल्याण की बातें तो की जाती रही, लेकिन उनका लाभ पात्र तक नहीं पहुंच पाया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय के दर्शन के अनुरूप प्रदेश के सभी परिवारों का पहचान पत्र बनाया, जिससे पात्र परिवारों की पहचान कर योजनाओं का लाभ देना सुनिश्चित किया गया।

*प्रशासन में मानव हस्तक्षेप को न्यूनतम करने के लिए आई.टी. का बड़े पैमाने पर प्रयोग किया - विज*

उन्होंने कहा कि आज जनता और सरकार का संपर्क सीधा है। हमने प्रशासन में मानव हस्तक्षेप को न्यूनतम करने के लिए आई.टी. का बड़े पैमाने पर प्रयोग किया है। पहले व्यवस्था पारदर्शी नहीं होने के कारण बिचौलिया तंत्र मजबूत हो गया था, जिसके कारण पात्र अपने अधिकार से वंचित हो जाता था। लेकिन आज हर सरकारी योजना के पारदर्शी तरीके से लागू किए जाने से घर बैठे गरीब की बेटी की शादी का शगुन, बुजुर्ग, विधवा व दिव्यांगों की पेंशन, बी.पी.एल. कार्ड, चिरायु कार्ड का लाभ कम्प्यूटर की एक क्लिक से सीधे पात्र के खाते में जाता है। हमने सरकारी कर्मचारियों के लिए चिकित्सा सुविधा में कैशलेस प्रणाली को भी लागू किया है। उन्होंने कहा कि गरीबों के सिर पर छत उपलब्ध करवाने के लिए ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ के तहत 36 हजार से अधिक मकान बनाए गए हैं, जबकि 16 हजार मकान बनाए जा रहे हैं। हर गरीब को राशन मिलने में परेशानी न हो और कोई उसका हक न मार सके। इसके लिए राशन वितरण व्यवस्था को तकनीक के माध्यम से पारदर्शी बनाया है। अब कोई भी व्यक्ति फर्जी तरीके से राशन प्राप्त नहीं कर सकता। गरीबों का अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में पढ़ाने का सपना साकार करने के लिए ‘चिराग योजना’ चलाई गई है। यही नहीं, कौशल रोजगार निगम के माध्यम से कर्मचारियों की भर्ती में भी गरीब परिवारों के युवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

*हर क्षेत्र में भी ई-गवर्नेंस के माध्यम से क्रांतिकारी बदलाव किए - विज*

हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि सरकार ने कृषि, उद्योग, व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि हर क्षेत्र में भी ई-गवर्नेंस के माध्यम से क्रांतिकारी बदलाव किए हैं। जिस प्रकार, परिवार पहचान पत्र के डेटा से विभिन्न योजनाओं का लाभ लोगों को घर बैठे ही मिल रहा है, उसी प्रकार, कृषि क्षेत्र में ’मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल बनाकर किसान को लाभ देने वाली अनेक योजनाओं को इससे जोड़ दिया है। फसल बिक्री की राशि, खराबे का मुआवजा, भावांतर भरपाई की राशि, मेरा पानी-मेरी विरासत, धान की सीधे ही बिजाई की प्रोत्साहन राशि आदि इस पोर्टल के माध्यम से सीधे ही किसान के खाते में जमा की जाती है। हरियाणा देश का पहला राज्य है, जिसने बागवानी फसलों को मौसम की मार से बचाने के लिए ‘मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना‘ शुरू की है। पशुपालन ग्रामीणों की आय का एक प्रमुख साधन है। पशुपालन को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने किसान क्रेडिट कार्ड की तर्ज पर ’पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड योजना’ शुरू की है। मंत्री ने कहा कि प्रदेश में फसलों की खरीद को सुविधाजनक बनाने हेतु ‘मेरी फसल-मेरा ब्योरा’ पोर्टल शुरू किया गया है। इस पोर्टल से किसानों को अपनी फसल बेचने के साथ-साथ खाद-बीज और कृषि उपकरणों के लिए मिलने वाली आर्थिक सहायता प्राप्त करने में भी सुविधा हुई है। राज्य सरकार का प्रयास किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ बीज से बाजार तक हर कदम पर उनकी मदद करने का है। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 14 फसलों की खरीद करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। उद्योग हमारी अर्थव्यवस्था का मूल आधार हैं। हमने हरियाणा के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस का एक इको-सिस्टम तैयार किया है। हमने प्रमाण पत्र, लाइसेंस और अनुमति देने में अड़चन पैदा करने वाले अनेक नियमों और प्रक्रियाओं को खत्म कर दिया है। आज हरियाणा में निवेशकों को सेवाएं ऑनलाइन प्रदान की जा रही हैं और उन्हें सभी स्वीकृतियां निर्धारित अवधि में देना सुनिश्चित किया गया है। आज हरियाणा देश-विदेश के निवेशकों की पहली पसंद बन गया है।

*युवाओं को 1 लाख 10 हजार से अधिक योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी - विज*

हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि हमने युवाओं की योग्यता का सम्मान किया है। 1 लाख 10 हजार से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी हैं। आउटसोर्सिंग सेवाओं में युवाओं को ठेकेदारों के शोषण से बचाने के लिए ‘हरियाणा कौशल रोजगार निगम’ बनाया है। आज खेल जगत में हरियाणा का बडा नाम है। हमारे युवा बड़ी उपलब्धियां प्राप्त कर देश-प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। मैडल जीतने वाले खिलाडिय़ों को नकद पुरस्कार देने के साथ-साथ सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। अवार्ड पाने वाले खिलाडिय़ों को मासिक मानदेय भी दिया जाता है। हमने गांवों के विकास में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया है। महिलाओं के लिए आजीविका के अवसर बढ़ाने के लिए एक-तिहाई राशन डिपो महिलाओं को देने का प्रावधान किया है। ‘अटल किसान मजदूर कैंटीन’ व वीटा बिक्री केन्द्रों का संचालन भी महिलाओं को सौंपा गया है। बहन-बेटियों को उच्चतर शिक्षा की सुविधा प्रदान करने के लिए सरकार ने 20 किलोमीटर के दायरे में एक कॉलेज स्थापित किया है। प्रदेश में 76 नए कॉलेज खोले गए हैं। इनमें आधे से अधिक लड़कियों के हैं। सरकार प्रदेश के शहरों और कस्बों में आधारभूत संरचना सुदृढ़ बनाने पर विशेष बल दे रही हैं। गुरुग्राम, करनाल, फरीदाबाद और पंचकूला को स्मार्ट सिटी बनाया जा रहा है। गुरुग्राम, फरीदाबाद और पंचकूला के विकास के लिए मेट्रोपोलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी का गठन किया गया है।

*सदियों की प्रतीक्षा के बाद हमारे राम आ गए हैं - विज*

हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि आज सदियों की प्रतीक्षा के बाद हमारे राम आ गए हैं। सदियों का अभूतपूर्व धैर्य, अनगिनत बलिदान, त्याग और तपस्या के बाद हमारे प्रभु राम आए हैं। प्रभु राम जी की प्राण-प्रतिष्ठा एक नए कालचक्र का उद्गम है। राम मंदिर के भूमिपूजन के बाद से प्रतिदिन पूरे देश में उमंग और उत्साह बढ़ता ही जा रहा था। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा में चलने वाला विकास रथ, विश्वास रथ है और अब इसको लोग गारंटी वाला रथ भी कह रहे हैं। ये विश्वास है कि कोई भी वंचित नहीं रहेगा, कोई भी योजनाओं के लाभ से नहीं छूटेगा। विकसित भारत संकल्प यात्रा का सबसे प्रमुख ध्येय ऐसे लोगों तक पहुंचाना था, जो किसी ना किसी वजह से अब तक सरकार की योजनाओं से वंचित रहे।

हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि यमुनानगर के पाजुपुर मे 1200 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कालेज बनाया जा रहा है जबकि छछरौली को उपमंडल का दर्जा दिया गया है। यमुनानगर जिले में 100 करोड़ रुपए की लागत में 200 बिस्तर का नया भवन बनाया गया है, जबकि जगाधरी में 100 बिस्तर का हस्पताल बनाया जाएगा। इसी प्रकार, छछरौली, बिलासपुर, सरस्वती नगर, प्रताप नगर में सीएचसी बनाई गई व सढौरा व रादौर की सीएचसी के लिए टेंडर हो गए हैं। रणजीत पुर, मंडी, अलहार, साबेपुर में पीएचसी बनाई गई है। हथिनी कुंड बैराज में करीब 22 करोड़ रुपए की लागत से वाटर स्पोर्ट्स पार्क बनाया गया है।

इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आलोक राय, अम्बाला रेंज के आईजी शिवास कविराज, कर्नल जरनैल सिंह, सूबेदार मेजर शहनाज हुसैन, भाजपा के जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, समाज कल्याण बोर्ड की पूर्व चेयरपर्सन रोजी मलिक आनन्द, हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के पूर्व चेयरमैन रामनिवास गर्ग, नगर निगम के मेयर मदन चौहान, भाजपा नेता रामेश्वर चौहान, उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार, पुलिस अधीक्षक गंगाराम पुनिया, अतिरिक्त उपायुक्त आयुष सिन्हा, एसीयूटी ज्योति, सीओ जिला परिषद नवीन आहूजा, एसडीएम जगाधरी यश जालुका, नगराधीश पीयूष गुप्ता, डीडीपीओ नरेन्द्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी सुमन बहमनी, जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी शिल्पा गुप्ता, जिला सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी डॉ. सुनील बसताड़ा, एआईपीआरओ मनोज पाण्डेय, जिला रेडक्रॉस समिति के सचिव रणधीर सिंह, जिला बाल कल्याण अधिकारी सुखमिन्द्र सिंह, भाजपा जिला महामंत्री कृष्ण सिंगला,भाजपा नेता भारत भूषण सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

------------------------

Danik Khabar ( दैनिक खबर )

DanikKhabar is a Hindi news website that provides news and updates on various topics such as politics, entertainment, sports, and more.

https://www.danikkhabar.com
Previous
Previous

प्रदेश में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस, उपमुख्यमंत्री, गृह मंत्री व अन्य मंत्रियों ने राष्ट्रीय तिरंगे को फहराया और परेड की सलामी ली

Next
Next

गृह मंत्री अनिल विज का राहुल गंाधी पर तंज-‘‘रामलहर उसी को महसूस होती है जो राम जी को मानता है। जो राम जी को मानता ही नहीं है उसे क्या पता कि कौन सी लहर आ रही है और कौन सी जा रही है’’