हम श्री राम के वंशज है, मंदिर वहीं बनाया है, 22 जनवरी 2024 को एक नया सवेरा आया है - मुख्यमंत्री मनोहर लाल

चण्डीगढ़, (KK)- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने अयोध्या में आयोजित श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण करनाल के श्री कर्णेश्वर महादेव मंदिर से लाइव देखा। कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम देखकर मन भाव विभोर हो गया है। इस प्रसन्नता में न केवल पूरे देश बल्कि विश्व के करोड़ों लोग शामिल हैं। आज एक नए युग का शुभारम्भ हुआ है।

        करनाल में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि हम कहते थे कि सौगंध राम की खाते हैं, हम मंदिर वहीं बनाएंगे। हम श्रीराम के वंशज हैं, मंदिर भी वहीं बनाया है, आज 22 जनवरी 2024 को एक नया सवेरा आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हर्ष और खुशी का दिन है। इस अवसर पर उन्होंने हरियाणा ही नहीं बल्कि पूरे देश की जनता को हार्दिक बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की शुरूआत में रामभजन की पंक्तियां भी गुनगुनाई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भगवान श्री राम के जयकारे लगाए।

गौशालाओं को दिया अनुदान का चौक

       मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर करनाल जिला की तीन गौशालाओं को अनुदान के चैक वितरित किए। उन्होंने अखाड़ा बाबा साहिब गिरी गऊ चिकित्सालय को 2 लाख 10 हजार रुपये, श्री कृष्ण कृपा गऊशाला को 6 लाख 72 हजार रुपये तथा श्री राधाकृष्ण गौशाला को 9 लाख 3 हजार रुपये की अनुदान राशि के चैक दिए।

आज का दिन हमारी आस्था और गौरव का दिन - सांसद संजय भाटिया

करनाल के सांसद श्री संजय भाटिया ने भगवान श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की देश और प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमारी आस्था के लिए आज बड़ा ही गौरव का दिन है। 500 वर्षों के संघर्षों के बाद, इस दौरान हमारे बुजुर्गों ने अनेक कुर्बानियां दी, जो सपना उन्होंने देखा था, आज वह पूरा हुआ है। श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राम लला मंदिर बन गया है। उन्होंने कहा कि मैं भगवान श्रीराम से प्रार्थना करूंगा कि प्रत्येक जनमानस की मनोकामना पूर्ण हो।

        इस मौके पर मेयर रेनू बाला गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा, स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के उपाध्यक्ष सुभाष चन्द्र, हरियाणा पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग कल्याण निगम की चेयरपर्सन निर्मल बैरागी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य उपस्थित रहे।

Danik Khabar ( दैनिक खबर )

DanikKhabar is a Hindi news website that provides news and updates on various topics such as politics, entertainment, sports, and more.

https://www.danikkhabar.com
Previous
Previous

मुख्यमंत्री मनोहर लाल 24 जनवरी को प्रदेशवासियों को देंगे विकास परियोजनाओं की सौगात

Next
Next

‘मेरा परिवार मेरी पहचान’ थीम पर होगी हरियाणा की झांकी