भारत और आस्ट्रेलिया के बीच रविवार को अहमदाबाद में होगा क्रिकेट वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला

आरएस अनेजा, नई दिल्ली

क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 का फाइनल मुकाबला मेजबान भारत और पांच बार विश्व कप विजेता आस्ट्रेलिया के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस रोमांचकारी फाइनल मुकाबले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहुंचने की भी उम्मीद है, हालांकि इसपर अभी कोई अधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। क्रिकेट वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में दूसरी बार दोनों टीमें आमने-सामने होंगी।

इससे पहले वर्ष 2003 विश्व कप में दोनों टीमें फाइनल मुकाबले में आमने-सामने थी जिसमें आस्ट्रेलिया ने भारत को शिकस्त दी थी। मगर, इस बार मैदान में भारतीय टीम का पलड़ा भारी है और टीम के सभी खिलाड़ी बेहतरीन फार्म में चल रहे हैं। बल्लेबाजी हमेशा से भारतीय टीम का मजबूत पक्ष रहा है, मगर इस विश्व कप में गेंदबाजों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए अपना लोहा मनवाया है। आस्ट्रेलिया की टीम भी अच्छा प्रदर्शन कर रही है और अब इस विश्व कप का फाइनल मुकाबला दोनों टीमों के बीच रोमांचकारी हो सकता है।

वहीं आस्ट्रेलिया ने गुरूवार को यहां दूसरे सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को तीन विकेट से हराया। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम डेविड मिलर की दबाव भरी परिस्थितियों में खेली गयी 101 रन शतकीय पारी के बावजूद 49.4 ओवर में 212 रन पर सिमट गयी।

आस्ट्रेलिया ने 47.2 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 215 रन बनाकर जीत हासिल की जिसमें शुरू में ट्रेविस हेड की 48 गेंद में 62 रन की अर्धशतकीय पारी ने अहम योगदान दिया।

दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर तबरेज शम्सी (42 रन देकर दो विकेट), केशव महाराज (24 रन देकर एक विकेट) और ऐडन मार्कराम (23 रन देकर एक विकेट) ने शानदार गेंदबाजी कर आस्ट्रेलिया को आसानी से जीत हासिल नहीं करने दी। शम्सी ने मार्नस लाबुशेन (18 रन) और ग्लेन मैक्सवेल (01) के महत्वपूर्ण विकेट झटके।

हालांकि हेड और डेविड वार्नर (18 गेंद में 29 रन) ने पावरप्ले में तेज शुरूआत की। दोनों ने दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजों के खिलाफ तेजी से रन जुटाये जिससे दोनों ने पहले विकेट के लिए 38 गेंद में 60 रन की साझेदारी निभायी। वार्नर के आउट होने के बाद मिचेल मार्श छह गेंद ही खेल पाये थे कि कागिसो रबाडा का शिकार होकर खाता भी नहीं खोल सके।

हेड के साथ स्टीव स्मिथ (30 रन) ने तीसरे विकेट के लिए 39 गेंद में 45 रन की साझेदारी की। स्मिथ के आउट होने के बाद जोश इंगलिस ने 49 गेंद में 28 रन का योगदान दिया। आस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस (नाबाद 14 रन) और मिचेल स्टार्क (नाबाद 16 रन) ने फिर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।

दक्षिण अफ्रीका फिर ‘चोकर्स’ (दबाव में घुटने टेकने वाले) का ठप्पा हटाने में नाकाम रही और उसके शीर्ष क्रम के चार बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक (03), तेम्बा बावुमा (शून्य), रासी वान डर डुसेन (06) और ऐडन मार्कराम (10) 12 ओवर में पवेलियन पहुंच गये थे जिससे उसका स्कोर चार विकेट पर 24 रन था।

मिचेल स्टार्क (10-1-34-3) और जोश हेजलवुड (8-3-12-2) ने परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाकर शुरूआती विकेट झटके। फिर बारिश की बाधा के कारण 40 मिनट के ब्रेक हुआ, तब दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 14 ओवर में चार विकेट पर 44 रन था। पर इसके बाद मिलर ने 116 गेंद में आठ चौके और पांच छक्के से छठा वनडे शतक जड़ दिया। यह दक्षिण अफ्रीका का विश्व कप नॉकआउट मैच में पहला शतक भी था।

टर्निंग पिच पर मिलर को कोई परेशानी नहीं हुई और वह एडम जम्पा की गेंदों पर हावी दिख रहे थे जिससे इस आस्ट्रेलियाई गेंदबाज ने अपने सात ओवर में 55 रन लुटा दिये।

पैट कमिंस पर स्कायर लेग पर 94 मीटर का छक्का जड़कर मिलर ने अपना सैकड़ा पूरा किया। मिलर की हेनरिच क्लासेन (47 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी से दक्षिण अफ्रीका को थोड़ी राहत मिली लेकिन फिर कामचलाऊ ऑफ स्पिनर ट्रेविस हेडन ने दो गेंद में दो विकेट झटककर उसकी उम्मीदों को करारा झटका दिया।

क्लासेन के बाद जेराल्ड कोएत्जी (19) ने मिलर का साथ दिया जिससे दोनों ने सातवें विकेट के लिए 53 रन की भागीदारी निभायी। लेकिन कमिंस की गेंद पर कोएत्जी विकेटकीपर जोश इंगलिस को कैच थमा बैठे। हालांकि रिप्ले में दिख रहा था कि गेंद उनकी कोहनी पर लगी थी लेकिन उन्होंने रिव्यू नहीं लिया। फिर मिलर भी 48वें ओवर में आउट हो गये।

Previous
Previous

Haryana CM Manohar Lal energizes Rajasthan campaign with Hanumangarh Road Show, Predicts end of Congress misgovernance

Next
Next

2014 के बाद से शहरी योजनाओं पर खर्च में काफी इजाफा हुआ है: आवास मंत्री हरदीप एस.पुरी