'जाओ आप 25 साल तक राष्टीय अध्यक्ष हो': BJP प्रमुख के चयन में देरी पर अखिलेश यादव ने किया कटाक्ष, तो अमित शाह ने कसा 'वंशवाद' का तंज
नई दिल्ली, 02 अप्रैल (अभी): लोकसभा में वक्फ बिल पर गरमागरम बहस के दौरान बुधवार को समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अगले अध्यक्ष के चयन को लेकर हल्की-फुल्की नोकझोंक देखने को मिली.
लोकसभा में बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी ने अभी तक अपना अध्यक्ष नहीं चुना है। इस पर अमित शाह ने कटाक्ष करते हुए कहा कि हमारे सामने जो पार्टियां हैं, ये लोग तो परिवार के पांच सदस्यों से ही अध्यक्ष चुन लेते हैं। अखिलेश यादव अगले 25 साल तक सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहेंगे
लोकसभा में बोलते हुए अखिलेश ने विषय से हटकर बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी ने अभी तक अपना अध्यक्ष नहीं चुना है. अखिलेश यादव ने चेहरे पर व्यंग्यात्मक मुस्कान के साथ कहा, "एक पार्टी जो दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी होने का दावा करती है, वह अभी तक अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं चुन पाई है."
इस पर विपक्षी बेंचों से ठहाके लगे और अमित शाह भी अपनी हंसी को रोक नहीं पाए. इस पर गृह मंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि बीजेपी में अध्यक्ष पद के नियुक्ति की प्रक्रिया अन्य पार्टियों से अलग है, जबकि अन्य पार्टियों में अध्यक्ष को परिवार से चुने जाते हैं.
गृह मंत्री ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आगे कहा, "आपके यहां जरा भी देर नहीं लगेगी. मैं बता देता हूं कि आप अगले 25 साल तक के लिए अध्यक्ष हो, कोई नहीं बदल सकता." बता दें कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद मौजूदा जेपी नड्डा को नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने के बाद अगले भाजपा अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया 10 महीने से लंबित है.