यमुनानगर: पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से हमला, बचाने आई बहनों से भी मारपीट
यमुनानगर, 3 अप्रैल (अन्नू): यमुनानगर के हमीदा इलाके में दिनदहाड़े एक युवक पर चाकू से प्राणघातक हमला करने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुरानी रंजिश के चलते एक आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर मंदिर के बाहर इस हिंसक घटना को अंजाम दिया। यह पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब जांच को आगे बढ़ा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आनंद कॉलोनी निवासी विक्रांत उर्फ बग्गा सुबह अपने काम पर जाने के लिए घर से निकला था। रास्ते में एक मंदिर के पास घात लगाकर बैठे आशिफ उर्फ पांची ने उसे रोक लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी अपने भांजे से संबंधित किसी पुराने विवाद को लेकर विक्रांत से रंजिश रखता था। इसी खुन्नस में आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए अपने पास छिपे दो चाकू निकाले और विक्रांत पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए।
इस जानलेवा हमले के दौरान जब युवक की बहन सोनिया और उसकी मासी की बेटी पलक उसे बचाने आईं, तो हमलावरों ने उनके साथ भी बदसलूकी और मारपीट की। वारदात के बीच आरोपी का एक अन्य साथी साहिल भी वहां पहुंच गया और उसने पीड़ित को पकड़ लिया, जिसके बाद उस पर फिर से हमला किया गया। हमले में विक्रांत के हाथों और कमर पर गहरे घाव आए हैं। शोर मचने पर जब स्थानीय लोग वहां जुटने लगे, तो दोनों आरोपी पीड़ित को दोबारा मिलने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
लहुलुहान हालत में घायल युवक को यमुनानगर के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे टांके लगाए गए और उपचार दिया गया। सिटी थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुख्य आरोपी आशिफ और उसके साथी साहिल के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली गई है और आरोपियों को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
#YamunanagarNews #CrimeUpdate #HaryanaPolice #HamidaNews #CCTVFootage #YamunanagarCrime #BreakingNews #DanikKhabar