यमुनानगर: सतनाम सिंह हत्याकांड: अपराध शाखा-2 की टीम ने दो मददगारों को किया गिरफ्तार, पुरानी रंजिश में हुई थी हत्या
यमुनानगर, 20 मई (अन्नू): यमुनानगर की अपराध शाखा-2 (Crime Branch) की टीम ने पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के कुशल मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए गांव बाल छप्पर निवासी 45 वर्षीय सतनाम सिंह की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंजाब के एसएसएस नगर के अंतर्गत आते झुझारनगर निवासी अशोक कुमार और सारन निवासी इंद्रपाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इन दोनों आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य शूटर की हर संभव मदद की थी। पुलिस ने मंगलवार को दोनों को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है।
सालों पुरानी पारिवारिक रंजिश और अमेरिका कनेक्शन का खुलासा
अपराध शाखा-2 के प्रभारी राकेश कुमार ने मामले की पृष्ठभूमि की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की पत्नी प्रवीण कौर उर्फ बीना के बयानों से स्पष्ट हुआ है कि यह हत्या उनके परिवार में सालों से चली आ रही एक खूनी और पुरानी रंजिश का नतीजा है। प्रवीण कौर के अनुसार, उनके जेठ प्रीतपाल का बेटा दलजीत सिंह उर्फ बाबू, जो इस समय अमेरिका में रह रहा है, उनके परिवार से गहरी दुश्मनी रखता है। साल 2020 के मई महीने में इसी दुश्मनी के चलते अमेरिका में बैठे बाबू ने प्रवीण कौर के बेटे वीरेंद्र को अपने जाल में फंसाया था और उसके साथ मिलकर गांव की तत्कालीन सरपंच के पति रिछपाल सिंह की हत्या करवा दी थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही वीरेंद्र घर से फरार चल रहा है, वहीं दूसरी ओर सरपंच के बेटे भी इनके परिवार से कट्टर दुश्मनी पाले हुए थे।
शूटर को मुहैया कराई थी वित्तीय मदद, पूछताछ जारी
प्रभारी राकेश कुमार ने आगे बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों, अशोक और इंद्रपाल, ने सतनाम सिंह पर गोलियां बरसाने वाले शूटर को न केवल छिपने में मदद की बल्कि उसे भागने और वारदात को अंजाम देने के लिए जरूरी वित्तीय सहायता (फंडिंग) भी उपलब्ध कराई थी। पुलिस रिमांड के दौरान दोनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस हत्याकांड में शामिल मुख्य शूटर और साजिश के पीछे छिपे अन्य चेहरों को बेनकाब कर जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
#YamunanagarNews #CrimeBranchAction #SatnamSinghMurder #DanikKhabar #PunjabShootersArrested #OldEnmityCase #HaryanaPolice #CrimeNewsHaryana
Previous
पानीपत नहर हादसा: तीसरे दिन सोनीपत से बरामद हुआ कारोबारी मुरारी लाल का शव
Next