यमुनानगर: सिलेंडर में गैस रिफिलिंग के दौरान जोरदार धमाका, 7 बच्चों समेत 11 लोग बुरी तरह झुलसे
हरियाणा/यमुनानगर, 9 अप्रैल (अन्नू): हरियाणा के यमुनानगर स्थित सलेमपुर गांव में वीरवार सुबह एक भयानक हादसा हो गया। सुबह करीब 8 बजे एक घर के अंदर बड़े एलपीजी सिलेंडर से छोटे सिलेंडर में गैस भरी जा रही थी, तभी अचानक गैस लीक होने से जोरदार धमाका हो गया। इस ब्लास्ट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि घर की दीवारें ढह गईं और छत के लेंटर में भी दरारें आ गईं। घटना के वक्त घर में मौजूद दो महिलाओं और सात बच्चों समेत कुल 11 लोग आग की चपेट में आ गए, जिससे पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई।
गर्भवती महिला समेत 10 लोग PGI रेफर
हादसे में घायल हुए सभी लोग प्रवासी श्रमिक परिवारों से हैं। घायलों में 20 वर्षीय गर्भवती महिला संगीता भी शामिल है, जिसकी हालत काफी नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार, 10 घायलों का शरीर 50 से 60 प्रतिशत तक झुलस चुका है। जगाधरी सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए 10 लोगों को तुरंत पीजीआई (PGI) चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है, जबकि एक बच्ची का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
बाल-बाल बची कई अन्य जानें
प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों का कहना है कि यह हादसा और भी भयावह हो सकता था। धमाके से महज आधा घंटा पहले ही कई अन्य लोग कमरे से निकलकर फैक्ट्री में काम करने के लिए गए थे। इसके अलावा, जिस कमरे में ब्लास्ट हुआ वहां दो भरे हुए सिलेंडर और रखे थे, जो किस्मत से आग की चपेट में नहीं आए। घायल रामसरण ने बताया कि बाहर चूल्हे पर खाना बन रहा था और कमरे के भीतर रखे सिलेंडर से गैस लीक होकर बाहर आग तक पहुँच गई, जिससे पल भर में आग का गुबार बन गया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
जगाधरी सदर थाना प्रभारी तरसेम कुमार ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसा गैस ट्रांसफर करने के दौरान हुई लापरवाही की वजह से हुआ है। पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मौके पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए हैं। जिला उपायुक्त (DC) प्रीति ने भी अस्पताल प्रशासन से संपर्क कर घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि हादसे के असली कारणों का आधिकारिक तौर पर पता लगाया जा सके।
#YamunanagarNews #CylinderBlast #HaryanaNews #AccidentUpdate #GasLeak #PGIChandigarh #SafetyAlert #BreakingNews #DanikKhabar
Previous
अम्बाला: 'टीबी मुक्त अभियान' में 191 ग्राम पंचायतों ने गाड़े झंडे; उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज विजेताओं को किया सम्मानित
Next