उदयपुर ग्रामीण के विर धोलिया में 400 केवी जीएसएस के निर्माण के लिए कार्यादेश जल्द
एन.एस. बाछल, 06 मार्च, जयपुर।
ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि उदयपुर ग्रामीण क्षेत्र के विर धोलिया में 400 केवी जीएसएस के निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उन्होंने आश्वस्त किया कि निविदा कार्य पूरा होते ही इस जीएसएस के निर्माण के लिए कार्यादेश जारी किया जायेगा, जिससे गर्मियों में उदयपुर ग्रामीण के जनजातीय क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
ऊर्जा राज्यमंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य द्वारा इस सम्बन्ध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत उदयपुर ग्रामीण के 31 गांवों में एक हजार से अधिक विद्युत कनेक्शन देने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजे गए है। स्वीकृति उपरांत ऑन ग्रिड कनेक्शन दिए जाएंगे।
इससे पहले विधायक फूल सिंह मीणा के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में ऊर्जा राज्यमंत्री ने बताया कि इस विधानसभा क्षेत्र के सभी 104 राजस्व ग्राम विद्युतीकृत हैं। उन्होंने बताया कि टीसीओएस-2021 के अनुसार आवेदन पर घरेलू विद्युत कनेक्शन जारी करने का प्रावधान है। यह एक सतत प्रकिया है।