17/04/26

सोनीपत में महिला आयोग का बड़ा एक्शन: रेणु भाटिया की छापेमारी से नाइट क्लबों में मचा हड़कंप

सोनीपत, 17 अप्रैल (अन्‍नू): सोनीपत की ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी के पास स्थित नाइट क्लबों में संदिग्ध गतिविधियों और नशे की शिकायतों पर हरियाणा महिला आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है। वीरवार शाम महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने एक साहसिक कदम उठाते हुए खुद साधारण कपड़ों में अपनी टीम के साथ मोर्चा संभाला। आयोग को गुप्त सूचना मिली थी कि इन क्लबों की आड़ में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, जिसके बाद करीब 6 घंटे तक इलाके में गहन सर्च अभियान चलाया गया।



सूचना लीक होने से कार्रवाई में बाधा

शाम 6 बजे से आधी रात तक चली इस छापेमारी के दौरान एक चौंकाने वाला पहलू सामने आया। रेणु भाटिया के पहुंचने से पहले ही रेड की खबर संचालकों तक पहुंच गई थी, जिसके चलते अधिकांश नाइट क्लब बंद मिले और उनके मालिक फरार हो गए। कुछ क्लबों के अंदर कर्मचारी लाइटें बंद करके छिपे हुए थे। पूछताछ में कर्मचारियों ने स्वीकार किया कि उन्हें पहले ही सतर्क कर दिया गया था कि आज पुलिस और महिला आयोग की कार्रवाई होने वाली है, इसलिए क्लब न खोले जाएं।



खुलेआम शराबखोरी और भविष्य की चिंता

अभियान के दौरान यह भी देखने को मिला कि क्लबों के आसपास के खुले क्षेत्रों में युवक-युवतियां सरेआम शराब का सेवन कर रहे थे। इस स्थिति पर गहरी नाराजगी जताते हुए रेणु भाटिया ने कहा कि सूचना लीक करने वालों ने समाज और युवाओं के प्रति अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई। उन्होंने प्रशासन को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि वह दोबारा बिना किसी पूर्व सूचना के छापेमारी करेंगी और अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।



#SonipatNews #RenuBhatia #HaryanaWomenCommission #NightClubRaid #ActionAgainstDrugs #SonipatPolice #YouthSafety #DanikKhabar #DanikKhabarHaryana

Previous

अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर अब चार्जिंग की टेंशन खत्म: यात्रियों के लिए शुरू हुई खास सुविधा

Next

हरियाणा में गर्मी का प्रचंड वार: अब आंधी और बारिश से मिलेगी राहत