09/04/25

Weather Forecast: लू के प्रकोप से मिलेगी राहत, कल करवट लेगा मौसम, तापमान में इतनी आएगी कमी

नई दिल्ली, 09 अप्रैल (अभी): राजधानी में बृहस्पतिवार को बहुत हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। साथ ही, गरज के साथ बिजली चमकेगी। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज सतही हवाएं चलेंगी। ऐसे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 39 और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इसके चलते लोगों को गर्मी से हल्की राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव आया है। ऐसे में तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट होगी। इसके अलावा, पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद तापमान में एक बार फिर से बढ़ोतरी होनी शुरू होगी। मौसम विभाग के अनुसार, 11 अप्रैल तक बारिश होने की संभावना है। उधर, उत्तराखंड में मौसम बदल चुका है। चमोली के थराली में तेज आंधी तूफान के साथ मूसलाधार बारिश हुई। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में बर्फबारी हुई। उत्तर प्रदेश में भी कल से मौसम करवट लेने जा रहा है।

दिल्ली में इस बार लोगों को असामान्य गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से ही निकलने वाली धूप के चलते पारा तेजी से बढ़ रहा है। बुधवार को दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में तेज धूप निकली। नो बजे के बाद से ही लोगों को तपिश महसूस होने लगी। दोपहर के समय खासतौर पर खुले में काम करने वाले और दोपहिया वाहन चालकों को खासा परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान लोगों को लू के थपेड़ों का अहसास हुआ। ऐसे में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस अधिक के साथ 40.5 दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री अधिक 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

Previous

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सूरतगढ़ सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर स्टेशन का किया निरीक्षण

Next

हिमाचल के राज्यपाल ने विशेष ओलंपिक रजत पदक विजेता हर्षिता ठाकुर को सम्मानित किया