सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी का उल्लंघन: अम्बाला पुलिस ने 148 बसों की जाँच कर 35 के किए चालान
जे कुमार, अम्बाला, 14 नवम्बर : हरियाणा पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह और पुलिस अधीक्षक अम्बाला अजीत सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में, अम्बाला पुलिस ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए "सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी" के तहत एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान, अम्बाला पुलिस ने कुल 148 स्कूल बसों की जाँच की, जिसमें सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर 35 बसों के चालान किए गए।
सुरक्षा मानकों की गहन जाँच :- बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए, ट्रैफिक पुलिस टीमों ने विभिन्न स्कूल रूटों पर बसों की गहनता से जाँच की। इस जाँच में मुख्य रूप से निम्नलिखित सुरक्षा मानकों पर ध्यान केंद्रित किया गया |
सुरक्षा उपकरण: फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशामक यंत्र) और फर्स्ट एड बॉक्स की उपलब्धता।
तकनीकी मानदंड: स्पीड गवर्नर की कार्यक्षमता और वैध फिटनेस सर्टिफिकेट।
चालक के दस्तावेज: बस चालक के सत्यापित दस्तावेजों की जाँच।
जाँच में, 35 बसों में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया, जिस पर ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर ही चालान कर कार्रवाई की। यह कार्रवाई सिटी यातायात एसएचओ के नेतृत्व में की गई।
सुरक्षा अनदेखी बर्दाश्त नहीं: एसपी
पुलिस अधीक्षक अम्बाला ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि "बच्चों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। किसी भी स्कूल बस में सुरक्षा मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन और चालक सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करें, इसके लिए समय-समय पर ऐसे निरीक्षण जारी रहेंगे। अम्बाला पुलिस ने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से भी अपील की है कि वे अपने वाहनों में सभी सुरक्षा मानकों का पालन करें, ताकि बच्चों की यात्रा सुरक्षित और निश्चिंत रहे।
#ambala #News #