अमेरिका उपराष्ट्रपति जेडी वेंस चार दिवसीय भारत यात्रा पर दिल्ली पहुंचे, आज पीएम नरेंद्र मोदी से होगी मुलाकात
आरएस अनेजा, 21 अप्रैल नई दिल्ली
टैरिफ सहित कई मुद्दे पर द्विपक्षीय वार्ता के लिए चार दिवसीय दौेरे पर अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस नई दिल्ली पहुंचे। अपने दौरे के पहले दिन वेंस प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी से मिलेंगे।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस आज से अपनी चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंच गए हैं। वेंस की ये यात्रा 21 से 24 अप्रैल तक चलेगी। उपराष्ट्रपति जेडी अपनी भारतीय मूल की पत्नी उषा वेंस और अपने बच्चों के साथ इंडिया की पहली भारत यात्रा पर आए हैं।
उपराष्ट्रपति वेंस आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेंगे, उनका विमान लगभग सुबह 9:30 बजे नई दिल्ली के पालम एयरफोर्स स्टेशन पर उतरा। यहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। उपराष्ट्रपति वेंस और प्रधानमंत्री मोदी के बीच औपचारिक बैठक शाम 6:30 बजे प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास, 7, लोक कल्याण मार्ग पर होगी। इन दोनों नेताओं की चर्चा दोनों देशों के बीच आर्थिक, व्यापार और रक्षा सहयोग को मजबूत करने पर केंद्रित हो सकती है।
दोनों नेताओं की आधिकारिक बैठकों के बाद, उप राष्ट्रपति वेंस परिवार सहित जयपुर और आगरा का दौरा करेगा। इसके बाद वेंस मंगलवार को जयपुर जाएंगे।जयपुर से वेंस 23 अप्रैल को आगरा का रुख करेंगे।
विश्व प्रसिद्ध ताजमहल को उपराष्ट्रपति वेंस की आगामी यात्रा के लिए तैयार किया जा रहा है। पिछले कई वर्षों में कई वैश्विक नेताओं का स्वागत करने वाले इस स्मारक पर अब उपराष्ट्रपति वेंस और उनकी पत्नी जाएंगे। इससे पहले, साल 2020 में, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने प्रथम महिला मेलानिया ट्रम्प के साथ ताजमहल का दौरा किया था।
जेडी वेंस अपने परिवार के साथ भारत की यात्रा पर निकल रहे हैं, वहीं आंध्र प्रदेश के पश्चिमी गोदावरी जिले के वडलुरु के छोटे से गांव में उत्सुकता का माहौल है। वडलुरु उपराष्ट्रपति वेंस की पत्नी उषा वेंस (नी चिलुकुरी) का पैतृक घर है। इस दौरे को लेकर स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि दंपति देश में अपने प्रवास के दौरान अपने गांव का दौरा करेंगे। वेंस की भारत यात्रा गुरुवार, 24 अप्रैल को समाप्त होगी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि यह यात्रा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि 21 से 24 अप्रैल तक अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की आगामी यात्रा के दौरान भारत और अमेरिका के बीच सभी प्रासंगिक मुद्दों पर चर्चा होगी। इस चर्चा से द्विपक्षीय संबंधों के और मजबूत होने की उम्मीद है।