केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत की समीक्षा बैठक, अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की हो सुनवाई,
एन.एस. बाछल, 20 अप्रैल, जयपुर।
केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत की अध्यक्षता में रविवार को फलौदी कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गईं। बैठक में केंद्रीय मंत्री द्वारा केंद्र सरकार व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं व विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन व अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की सुनवाई करते हुए योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
ग्रीष्म ऋतु व नहर बंदी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को आमजन के लिए पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विकास अधिकारियों व ग्राम विकास अधिकारियों से प्रत्येक गांव में ख़राब ट्यूबवेल व नलकूप की रिपोर्ट दो दिवस में मंगवाकर कंटीजेन्सी प्लान के तहत ख़राब ट्यूबवेल व नलकूप को दुरुस्त करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हम सबकी जिम्मेदारी हैं गर्मी के मौसम में किसी भी व्यक्ति को मूलभूत सुविधाओं की परेशानी नहीं हो।
केन्द्रीय मंत्री ने जलदाय विभाग व पुलिस को संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध पेयजल कनेक्शन हटवाते हुए मुकदमा दर्ज करवाने के निर्देश दिए। उपखंड अधिकारी व उप पुलिस अधीक्षक प्रभावी निगरानी रखते हुए अवैध कनेक्शन करने वालों के चालान काटना सुनिश्चित करें।
विद्युत विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधीक्षण अभियंता को लंबित विद्युत कनेक्शन शीघ्र पूर्ण करने तथा कुसुम योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ़्त बिजली योजना, पुनरुत्थान वितरण क्षेत्र योजना की समीक्षा करते हुए प्रगति लाने के निर्देश दिए। ग्रीष्म ऋतु में अनावश्यक विद्युत कटौती नहीं करने तथा आमजन की परिवेदनाओं का समय पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत डॉक्टर व अधीनस्थ कार्मिकों की जानकारी लेते हुए उन्होंने जिला कलक्टर को पीएचसी व सीएचसी में रिक्त पदों पर प्रशासनिक दृष्टिकोण से ड्यूटी निर्धारित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाएं जांचने व कमियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने एम्बुलेंस की स्थिति, संस्थागत प्रसव,दवाइयों की उपलब्धता, ग्रीष्म ऋतु व तापघात से बचाव की तैयारियों आदि की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार सार्वजनिक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधीक्षण अभियंता को डीएलपी समयावधि वाली सड़को को दुरुस्त करवाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, अटल प्रगति पथ,सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना सहित अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
नए जिले के रूप में मजबूत नीव रखी जाएं - केन्द्रीय मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि फलौदी नया जिला हैं जिले के चहुमुखी विकास के लिए हम सबकी जिम्मेदारी हैं कि हम एक मजबूत नीव रखे। सभी कार्यों को व्यवस्थित तरीके से करें ताकि आने वाले समय में हम विकास कार्यों के माध्यम से जिले को एक नई पहचान दिलाने में सफल रहे।
समीक्षा बैठक में जिला प्रभारी जशवंत सिंह बिश्नोई (अध्यक्ष राज्य जीव जंतु कल्याण बोर्ड ), फलौदी विधायक पब्बाराम बिश्नोई, जिला कलक्टर एच.एल अटल, पुलिस अधीक्षक पूजा अवाना, अतिरिक्त जिला कलक्टर अजय,एसीईओ जोधपुर गणपत, एसीईओ ललित कुमार गर्ग, उपखंड अधिकारी सुनील पंवार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।