12/07/26

केएमपी एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा: टोल प्लाजा के पास ट्रक से टकराया कंटेनर, 22 जुलाई को होनी थी शादी

सोनीपत, 12 जुलाई (अन्‍नू): कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर पिपली टोल प्लाजा के पास एक भीषण सड़क हादसे में एक कंटेनर चालक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के कबीरपुर निवासी कमलकांत के रूप में हुई है। कमलकांत की मौत से उसके परिवार की खुशियां मातम में बदल गई हैं, क्योंकि आगामी 22 जुलाई को उसकी शादी होनी तय थी।

अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, कमलकांत पिछले करीब 11 साल से कंटेनर चलाने का काम कर रहे थे। वह 7 जुलाई को अपनी ड्यूटी पर घर से निकले थे। रविवार तड़के करीब 4:30 बजे वह बहालगढ़ से कंटेनर में सामान लादकर गुरुग्राम की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पिपली टोल प्लाजा के पास आगे चल रहे एक ट्रक के चालक ने अचानक लापरवाही से ब्रेक लगा दिए। रफ्तार तेज होने के कारण कमलकांत का कंटेनर अनियंत्रित होकर सीधे आगे चल रहे ट्रक से जा टकराया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कमलकांत गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

शादी की खुशियां मातम में बदलीं

कमलकांत के परिजनों ने रोते हुए बताया कि वह अपने परिवार में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई और बहन की शादी पहले ही हो चुकी थी। करीब दो महीने पहले ही कमलकांत का रिश्ता तय हुआ था और आगामी 22 जुलाई को उनके घर बारात जानी थी। घर में शादी की तैयारियां बड़े जोर-शोर से चल रही थीं और हर तरफ खुशी का माहौल था, लेकिन इस एक हादसे ने पूरे परिवार को कभी न भूलने वाला जख्म दे दिया है।

#KharkhodaNews #KMPExpressway #RoadAccident #SonipatNews #BreakingNews #HighwayAccident #DanikKhabar

Previous

दिल्ली में 1 करोड़ के आभूषण चोरी मामले में शातिर चोर गिरफ्तार; भारत-नेपाल सीमा तक पीछा कर पुलिस ने दबोचा

Next

जगाधरी में दर्दनाक हादसा: सोते समय सांप के काटने से 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा की मौत, इलाके में शोक की लहर