गुरुग्राम के पॉश इलाके DLF में चला टाउन प्लानिंग का बुलडोजर: फिल्म स्टार चंद्रचूड़ सिंह की कोठी के बाहर बना अवैध रैंप ढहाया
गुरुग्राम, 4 जुलाई (अन्नू): गुरुग्राम के सबसे पॉश इलाकों में शुमार डीएलएफ (DLF) में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग डिपार्टमेंट (DTCP) की ओर से अवैध निर्माण और बिल्डिंग बायलॉज के उल्लंघन के खिलाफ एक बड़ा तोड़फोड़ अभियान शुरू किया गया है। अभियान के पहले ही दिन विभाग का कड़ा और निष्पक्ष रुख उस समय देखने को मिला, जब प्रसिद्ध बॉलीवुड फिल्म स्टार रहे चंद्रचूड़ सिंह की कोठी (नंबर S20/5) के बाहर भी नियमों के उल्लंघन के चलते पीला पंजा (बुलडोजर) चला दिया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए कोठी के मुख्य गेट के बाहर अवैध रूप से सरकारी जमीन पर बनाए गए रैंप को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया।
बुलडोजर चलता देख बाहर आए एक्टर, अफसरों से हुई बातचीत
कोठी के बाहर अचानक हुई इस बड़ी कार्रवाई और मलबे की आवाज सुनकर अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह खुद घर से बाहर निकल आए। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से बातचीत की और इस अचानक हुए एक्शन पर चिंता जताई। चंद्रचूड़ सिंह और ड्यूटी पर तैनात डिस्ट्रिक्ट टाउन प्लानर (DTP) अमित मधौलिया के बीच हुई बातचीत के मुख्य अंश इस प्रकार रहे:
चंद्रचूड़ सिंह: बट दिस इज ऑलवेज समथिंग... दे हैव ब्रोकन द स्ट्रक्चर इन फ्रंट... एंड दैट इज नॉट सपोज्ड टू बी... (लेकिन यह हमेशा कुछ न कुछ... उन्होंने सामने का ढांचा तोड़ दिया है... और ऐसा नहीं होना चाहिए था)। ये सब जो तोड़े गए हैं ना लोगों के... यह सब कागजों में है? और कुछ तो नहीं होगा मेरे घर में?
डीटीपी अमित मधौलिया: नहीं, नहीं... बिल्कुल नहीं। यह तो बहुत पुराना मकान है, इसमें कौन हाथ लगाएगा।
चंद्रचूड़ सिंह: ठीक है, आई जस्ट वांटेड टू चेक (मैं बस जांच करना चाहता था)। योर नेम सर? (आपका नाम सर?)
डीटीपी अमित मधौलिया: अमित मधौलिया।
चंद्रचूड़ सिंह: ओके, लवली टू मीट यू (आपसे मिलकर अच्छा लगा)। मैं यहां पिछले 30 सालों से रह रहा हूं... बल्कि उससे भी ज़्यादा... 1991 से रह रहा हूं।
डीटीपी अमित मधौलिया: हम तो फिर भी बाद में आए हैं। आपकी प्रसिद्ध फिल्म 'माचिस' (1996) से भी पहले से? शायद यह प्रॉपर्टी आपके पापा ने ली थी? आपके पापा की प्रॉपर्टी है ये? हम तो समझ रहे थे कि आपकी है।
चंद्रचूड़ सिंह (हंसते हुए): जी... जी, पापा की ही है। वैसे कैसे चल रहा है सब? मतलब... मैं आपको तंग तो नहीं कर रहा हूं?
डीटीपी अमित मधौलिया: नहीं, नहीं सर... सब बिल्कुल ठीक है।
इस बेहद सौहार्दपूर्ण बातचीत के बाद अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह ने वहां मौजूद अधिकारियों से हाथ मिलाया, कार्रवाई का सम्मान किया और मुस्कुराते हुए अपनी कोठी के अंदर चले गए।
नियमों को ताक पर रखने वालों को बख्शा नहीं जाएगा: डीटीपी
डीटीपी अमित मधौलिया के अनुसार, डीएलएफ इलाके में लंबे समय से स्थानीय निवासियों और आरडब्ल्यूए की ओर से शिकायतें मिल रही थीं कि कई कोठियों और इमारतों में बिल्डिंग बायलॉज (भवन नियमों) का सरेआम उल्लंघन कर अवैध निर्माण और अतिक्रमण किया जा रहा है।
अधिकारियों ने साफ संदेश देते हुए स्पष्ट किया कि गुरुग्राम शहर के मास्टर प्लान और तय नियमों को ताक पर रखकर किए गए किसी भी अवैध निर्माण को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। नियमों के खिलाफ जाकर बनाई गई अतिरिक्त मंजिलों (Floors), अवैध एक्सटेंशन, रास्तों में किए गए अतिक्रमण और आवासीय क्षेत्रों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों (Commercial Activities) के खिलाफ विभाग का यह कड़ा अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
#GurugramNews #DLFGurugram #ChandrachurSingh #DTPGurugram #AmitMadholia #IllegalConstruction #DemolitionDrive #BulldozerAction #GurgaonCrime #BreakingNews #DanikKhabar
Previous
चंडीगढ़ के सेक्टर-38 वेस्ट में पेट्रोल पंप पर हंगामा: पंप खुलवाने के विवाद में सुरक्षाकर्मी ने चलाई गोली, 2 युवकों पर केस दर्ज
Next