'पंचकूला में पीला पंजा: चार अवैध कॉलोनियों में डीटीपी विभाग का बड़ा एक्शन, 40 निर्माण ध्वस्त
पंचकूला, 15 मई (अन्नू): हरियाणा के पंचकूला जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। डीटीपी बबीता गुप्ता के नेतृत्व में विभाग की टीम ने पंचकूला अर्बन एरिया के अंतर्गत आने वाले गांव परगियां, खेरावाली, कोना और लहरोंडी में दबिश दी। यहाँ बिना अनुमति के विकसित की जा रही चार अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई करते हुए करीब 40 डीपीसी (निर्माण की नींव) और वहां बिछाए गए सड़क नेटवर्क को जेसीबी की मदद से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
इस तोड़फोड़ अभियान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में मनदीप उपस्थित रहे। वहीं, कालका पीएचईडी के एसडीई अशोक कुमार, सहायक नगर योजनाकार और भारी पुलिस बल की सुरक्षा के बीच यह पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न हुई। विभाग की इस अचानक कार्रवाई से अवैध कॉलोनी काटने वाले भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया। टीम ने मौके पर स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इन स्थानों पर दोबारा किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण करने की कोशिश की गई, तो विभाग इससे भी कठोर कदम उठाएगा।
बिना अनुमति प्लॉट खरीदने पर डीटीपी की चेतावनी
डीटीपी बबीता गुप्ता ने स्पष्ट किया कि हरियाणा के नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग से अनुमति लिए बिना किसी भी कॉलोनी को विकसित करना या निर्माण करना पूरी तरह गैर-कानूनी है। उन्होंने कहा कि बिना सीएलयू (CLU) और वैध लाइसेंस के फल-फूल रहे अवैध निर्माणों के खिलाफ विभाग का यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे अपनी मेहनत की कमाई को किसी भी अनधिकृत कॉलोनी में निवेश न करें। भविष्य में कानूनी पचड़ों और आर्थिक नुकसान से बचने के लिए प्लॉट खरीदने से पहले विभाग से अनुमति के कागजातों की जांच अवश्य करें।
#PanchkulaNews #DTPAction #IllegalColonies #HaryanaGovernment #DemolitionDrive #RealEstateAlert #DanikKhabar #PanchkulaPolice #UrbanPlanning
Previous
“अम्बाला छावनी का विकास करने के लिए मैंने जी-जान लगाई, विश्वास दिलाता हूं कि आखिरी सांस तक विकास कराने के लिए कार्य करता रहूंगा” : ऊर्जा मंत्री अनिल विज
Next