07/03/26

भिवानी में निर्माणाधीन मॉल का लेंटर गिरा: SDRF ने किया रेस्क्यू ऑपरेशन, हादसे में कई मजदूर घायल

हरियाणा/भिवानी, 07 मार्च (अन्‍नू): भिवानी के पटेल नगर में बासिया भवन के समीप शुक्रवार रात एक निर्माणाधीन मॉल की तीसरी मंजिल का लेंटर गिरने से हड़कंप मच गया। इस हादसे के दौरान वहां काम कर रहे करीब 8 मजदूर अचानक मलबे के साथ नीचे गिर गए और उनमें से कई मलबे में दब गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस की टीमें राहत कार्य के लिए मौके पर पहुँचीं। मलबे की गंभीरता को देखते हुए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) को भी बुलाया गया, जिसने मलबे के नीचे फंसे लोगों की तलाश के लिए गहन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। घंटों की मशक्कत के बाद टीम ने सुनिश्चित किया कि अब मलबे के नीचे कोई और व्यक्ति फंसा हुआ नहीं है।



हादसे के समय मौके पर लेंटर की ढलाई का काम चल रहा था। ठेकेदार के अनुसार, काम लगभग पूरा होने वाला था और केवल थोड़ा सा मसाला डालना बाकी था, तभी अचानक एक बीम टूट गई और पूरी छत नीचे आ गिरी। इस दौरान छत पर 4 मजदूर और 4 मिस्त्री मौजूद थे। घायल मजदूरों ने बताया कि अचानक हुई वाइब्रेशन के बाद उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। SDRF और स्थानीय पुलिस द्वारा सुरक्षित निकाले गए घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहाँ दो मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है।



दमकल विभाग और पुलिस प्रशासन ने मौके का मुआयना करने के बाद बताया कि प्राथमिक रेस्क्यू का काम सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। मलबे को पूरी तरह खंगालने के बाद प्रशासन ने पुष्टि की है कि अब कोई भी मजदूर अंदर नहीं दबा है। एसएचओ नरेंद्र कुमार ने कहा कि फिलहाल प्राथमिकता घायलों का उपचार है और यह जांच की जा रही है कि निर्माण कार्य में लापरवाही या तकनीकी खामी की वजह से यह हादसा हुआ। फिलहाल निर्माणाधीन स्थल पर काम रोक दिया गया है।


#BhiwaniNews #SDRF #RescueOperation #HaryanaNews #ConstructionAccident #BhiwaniUpdate #SafetyPrecaution #BuildingCollapse

Previous

मध्यप्रदेश में बन रहा है इलेक्ट्रिक व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग के लिए सशक्त ईको सिस्टम

Next

नारी वो शक्ति जिसने किया घर रोशन, समाज मजबूत और राष्‍ट्र को गौरवान्वित–विधानसभा अध्यक्ष राजस्थान