रेवाड़ी: धारूहेड़ा निसार हत्याकांड में बड़ा खुलासा; चोरी के शक में भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला, शव छुपाने वाले कपड़ा व्यापारी सहित अन्य आरोपी बेनकाब
रेवाड़ी, 9 सितंबर (अन्नू): रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा क्षेत्र में हुए चर्चित मॉब लिंचिंग/मर्डर केस में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। बॉस रोड पर 6 सितंबर की सुबह चोरी के शक में पकड़े गए निसार/नासिर की बेरहमी से पिटाई की गई थी, जिसके चलते उसकी मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी ने मामले को छिपाने के लिए शव को डेयरी के अंदर गड्ढा खोदकर दफना दिया था। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सैय्यद कॉलोनी निवासी कपड़े के व्यापारी योगेश को गिरफ्तार कर रिमांड पर ले लिया है।
पशुओं को दफनाने वाली जगह चुना शव; जानें डीएसपी संजीव बल्हारा द्वारा साझा किए गए मुख्य बिंदु:
चोरी के शक में की बेरहमी से पिटाई: डीएसपी (DSP) हेडक्वार्टर संजीव बल्हारा ने बताया कि 6 सितंबर सुबह करीब 5 बजे निसार (निवासी: गांव दमदमा, खैरथल-अलवर, राजस्थान) को चोरी के शक में पकड़ा गया था। डेयरी संचालक के दो बेटों और उनके साथियों के अलावा कॉलोनी के कई लोगों ने उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बदबू से बचने के लिए डेयरी में दफनाया शव: हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से आरोपियों ने गांव भटसाना स्थित अरुण उर्फ मन्नू की डेयरी को चुना। आरोपियों का मानना था कि डेयरी में मवेशियों के दफनाए जाने के कारण अगर बदबू भी आएगी तो किसी को शक नहीं होगा। उन्होंने शव को 3 फीट गहरे गड्ढे में गाड़ दिया।
नौकरों ने खोला राज, 15 घंटे बाद हुआ खुलासा: डेयरी में काम करने वाले नौकरों के जरिए पुलिस को वारदात की गुप्त सूचना मिली। रविवार (6 सितंबर) देर रात ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया।
मृतक के पिता की शिकायत पर FIR: मृतक की पहचान के बाद उसके पिता जमील की शिकायत पर 4 नामजद (डेयरी संचालक के दो बेटों सहित) और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या व साक्ष्य मिटाने की धाराओं में केस दर्ज किया गया।
बाकी आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा: धारूहेड़ा थाना प्रभारी (SHO) फूल कुमार की टीम ने कपड़े के दुकानदार योगेश को दबोच लिया है। पूछताछ में पता चला है कि दोस्त के फोन करने पर वह मौके पर पहुंचा था। पुलिस अन्य नामजद व पिटाई में शामिल कॉलोनीवासियों को दबोचने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
#RewariNews #DharuheraMurder #RewariPolice #MobLynchingCase #HaryanaPolice #CrimeNews #DanikKhabar #BreakingNews
Previous
फरीदाबाद: पन्हेड़ा कलां में फ्री शराब देने से मना करने पर ठेके पर गुंडागर्दी; 12 से ज्यादा युवकों ने सेल्समैनों को लाठी-डंडों से पीटा
Next