24/04/25

केंद्र सरकार ने आज शाम बुलाई सर्वदलीय बैठक, पहलगाम हमले पर होगी चर्चा

आरएस अनेजा, 24 अप्रैल नई दिल्ली

केंद्र सरकार आज सर्वदलीय बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं को पहलगाम आतंकवादी हमले के संबंध में जानकारी देगी तथा उनके विचार सुनेगी।

सरकार ने पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान को निशाना बनाकर कई कदम उठाने की घोषणा की है। पहलगाम में मंगलवार को आतंकवादियों के हमले में कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई। इनमें अधिकतर पर्यटक थे।

सर्वदलीय बैठक बुलाने का निर्णय बुधवार को लिया गया तथा सिंह एवं शाह ने विभिन्न दलों से संपर्क किया। राष्ट्रीय सुरक्षा पर गंभीर असर डालने वाली किसी भी घटना के बाद सर्वदलीय बैठक बुलाने की परंपरा रही है, जैसा कि 2019 में पुलवामा आतंकवादी हमले के बाद या 2020 में भारत-चीन गतिरोध के दौरान देखा गया था।

इससे संकट के समय में राष्ट्रीय एकता की तस्वीर पेश होती है और विपक्षी नेताओं को सरकार तक अपने विचार पहुंचाने एवं आधिकारिक स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलता है। भारत ने पहलगाम आतंकवादी हमले के मद्देनजर बुधवार को पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए उसके साथ राजनयिक संबंधों में व्यापक कटौती करने, 1960 की सिंधु जल संधि स्थगित करने और अटारी चौकी को बंद किए जाने समेत कई फैसले किए।

पहलगाम में नृशंस हमले में 26 लोगों की मौत के एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में सुरक्षा संबंधी कैबिनेट समिति (CCS) की बैठक हुई, जिसमें इस कायरतापूर्ण हमले के प्रति भारत के जवाबी कदमों को अंतिम रूप दिया गया तथा सुरक्षा बलों को उच्च सतर्कता बनाए रखने का निर्देश दिया गया।

Previous

ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने विदेश भेजने के नाम पर ठगी की शिकायतों पर लिया कड़ा संज्ञान, डीएसपी को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए

Next

पहलगाम के बदले पानी की चोट, भारत ने सिंधु समझौता रोका