फरीदाबाद: ATM काटकर 12 लाख लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड दिल्ली पुलिस का सिपाही निकला
फरीदाबाद, 05 अगस्त (अन्नू): फरीदाबाद में गैस कटर से एटीएम मशीन काटकर लाखों रुपये चुराने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का क्राइम ब्रांच (सेक्टर-56) की टीम ने भंडाफोड़ किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस गिरोह की कमान दिल्ली पुलिस का एक सिपाही संभाल रहा था। पुलिस ने मामले में सिपाही समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गिरोह का एक अन्य सदस्य बिहार की जेल में बंद है, जिसे जल्द ही प्रोडक्शन वारंट पर फरीदाबाद लाया जाएगा।
क्राइम ब्रांच की जांच में फरीदाबाद के थाना भूपानी और थाना सेक्टर-58 क्षेत्र में हुई दो बड़ी एटीएम चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है।
मामला 1: भूपानी मोड़ पर 6.53 लाख रुपये की चोरी
वारदात: 3 और 4 जुलाई 2026 की दरमियानी रात भूपानी मोड़ स्थित HITACHI Money Spot ATM को गैस कटर से काटकर उसमें रखे 6.53 लाख रुपये की नकदी चुरा ली गई थी।
दिल्ली पुलिस का सिपाही बना मास्टरमाइंड: हिताची कंपनी की शिकायत पर मामला दर्ज कर क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी विकास कुमार (24, निवासी बिहार), हुकमचंद (34) और अरविंद (26, दोनों निवासी अटाली, फरीदाबाद) को गिरफ्तार किया।
कर्ज चुकाने के लिए रची साजिश: पूछताछ में खुलासा हुआ कि अटाली निवासी हुकमचंद दिल्ली पुलिस में बतौर सिपाही तैनात है। भारी कर्ज में डूबने के कारण उसने अरविंद के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। उसने गैस कटर चलाने में माहिर बिहार के विकास और राजू को गिरोह में शामिल किया। हुकमचंद ने खुद एटीएम की रेकी की और गैस कटर व औजार मुहैया कराए थे।
मामला 2: सेक्टर-58 में 5.71 लाख रुपये की दूसरी डकैती
वारदात: 26 और 27 जुलाई की रात जेसीबी चौक (सेक्टर-58) के पास स्थित HITACHI ATM को भी इसी तरह गैस कटर से काटकर 5.71 लाख रुपये की नकदी उड़ा ली गई थी।
लखनऊ से दबोचे गए आरोपी: भूपानी वारदात के बाद साथी राजू बिहार में एक अन्य मामले में जेल चला गया और विकास ने सिपाही हुकमचंद से संपर्क तोड़ लिया। इसके बाद विकास ने बिहार से अपने भाई विशाल कुमार (19) और साथी अभिषेक कुमार (19) को बुलाया और दूसरी चोरी को अंजाम दिया।
यूपी से गिरफ्तारी: क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने 2 अगस्त को तीनों को उत्तर प्रदेश के लखनऊ (आलमबाग क्षेत्र) से धर दबोचा।
तीन आरोपी 5 दिन के पुलिस रिमांड पर; बिहार जेल से लाया जाएगा छठा आरोपी
सहायक पुलिस आयुक्त (ACP क्राइम) अमन यादव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें दबोचा गया।
लखनऊ से गिरफ्तार विकास, विशाल और अभिषेक को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि चोरी की राशि और औजार बरामद किए जा सकें। वहीं बिहार की जेल में बंद छठे आरोपी राजू को रिमांड के लिए प्रोडक्शन वारंट पर फरीदाबाद लाया जाएगा। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान कई अन्य वारदातों का भी पर्दाफाश हो सकता है।
#FaridabadNews #FaridabadCrime #FaridabadPolice #ATMRobbery #CrimeBranchFaridabad #DelhiPolice #DanikKhabar
Previous
आज 5 अगस्त का इतिहास
Next