महाविद्यालयों में सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का हुआ सफलतापूर्वक समापन : जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. संजीव कुमार
जे कुमार पलवल, 08 फरवरी 2026: हरियाणा योग आयोग और आयुष निदेशालय के समन्वय से जिले के विभिन्न महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में आयोजित तीन दिवसीय सूर्य नमस्कार अभ्यास कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. संजीव कुमार के नेतृत्व में 5 फरवरी से 7 फरवरी तक चले इस अभियान के माध्यम से युवाओं को योग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी ने जानकारी दी कि इस अभियान का जिला स्तरीय समापन कार्यक्रम 12 फरवरी 2026 को महर्षि दयानंद सरस्वती की जयंती के अवसर पर संस्कृत विद्यापीठ बधौला में आयोजित किया जाएगा, जिसमें आयुष विभाग के तमाम योग विशेषज्ञ और योग प्रेमी हिस्सा लेंगे।
अभियान के अंतिम दिन गोस्वामी गणेश दत्त सनातन धर्म महाविद्यालय पलवल में विशेष उत्साह देखा गया। यहाँ डॉ. कुलदीप प्रसाद और आयुष विभाग के योग सहायकों द्वारा संगीत की धुनों पर 'म्यूजिकल सूर्य नमस्कार' का अभ्यास कराया गया। कॉलेज प्राचार्य डॉ. नरेश कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सूर्य नमस्कार से प्राप्त होने वाली सकारात्मक ऊर्जा युवाओं को ऊर्जावान एवं स्वस्थ बनाए रखने में सहायक सिद्ध होती है। इस अवसर पर कॉलेज योग क्लब से डॉ. वंदना और डॉ. वैशाली जैन सहित बड़ी संख्या में अध्यापकों और विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की।
इसी कड़ी में औरंगाबाद स्थित एमवीएन यूनिवर्सिटी में भी भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहाँ वाइस चांसलर डॉ. अरुण गर्ग और प्रो-वाइस चांसलर डॉ. एन.पी. सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। यहाँ योग सहायक नेहा रानी और विजेंद्र शास्त्री की टीम ने विद्यार्थियों को सूर्य नमस्कार की बारीकियों से अवगत कराया। डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. राहुल वार्ष्णेय ने आयुष विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग आज की अनिवार्य आवश्यकता है। वहीं डॉ. बी.आर. अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. तरुण सैनी और योग कोऑर्डिनेटर शोभा जाखड़ के मार्गदर्शन में डॉ. चिराग और उनकी टीम ने सफलतापूर्वक योगाभ्यास संपन्न कराया।
#SuryaNamaskar #HaryanaYogaAayog #AyushDepartment #PalwalNews #YogaInEducation #HealthyIndia #YogaAwareness #AmbedkarCollegePalwal #MVNUniversity #YogaForLife