तेज हवाओं से मौसम ने बदला मिजाज, दो अप्रैल तक खुशक रहने की संभावना
आरएस अनेजा, 29 मार्च नई दिल्ली
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। बीते कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
खासकर जम्मू, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे राज्यों में। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है।
शुक्रवार को हवा चलने के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 2 अप्रैल तक खुश्क रहने की संभावना है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 29 मार्च को उत्तर-पश्चिम भारत के अलग-अलग इलाकों में तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इसके साथ बिहार से पूर्वोत्तर असम तक एक निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसकी वजह से अरुणाचल प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और बिजली की संभावना है।
राजधानी दिल्ली समेत उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है। हालांकि, 30 मार्च से अगले तीन दिनों तक तापमान में फिर से 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं, पूर्वी भारत में अगले तीन दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।
28 मार्च को न्यूनतम तापमान में काफी उतार-चढ़ाव देखा गया। हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार और असम के कुछ इलाकों में तापमान सामान्य से 3.1 से 5 डिग्री ऊपर रहा, जबकि पश्चिमी राजस्थान में यह सामान्य से 5.1 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। देश के मैदानी इलाकों में सबसे कम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस अमृतसर में दर्ज हुआ। वहीं, अधिकतम तापमान की बात करें तो पूर्वी उत्तर प्रदेश में यह 40-42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि जम्मू-कश्मीर और पंजाब के कुछ हिस्सों में यह सामान्य से 3-5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।