22/04/25

अजमेर में सड़कों की स्थिति पर विधानसभा अध्यक्ष हुए नाराज, कहा कोताही बर्दाश्त नहीं होगी

एन.एस. बाछल, 22 अप्रैल, जयपुर।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर शहर में सड़कों व नालों के विकास के लिए सख्त रूख अपनाना शुरू कर दिया है। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि शहर की सभी सड़कों के रखरखाव एवं निर्माण के लिए एक ही एजेन्सी अजमेर विकास प्राधिकरण जिम्मेदार होगी। इसके लिए जल्द प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति ली जाएगी। इसी तरह पिछले एक साल में बने सभी नालों और सड़कों की थर्ड पार्टी जांच होगी। कमियां मिलने पर संबंधित ठेकेदार और अफसरों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। शहर को विभिन्न सेक्टरों में बांटकर विकास योजनाओं का खाका तैयार किया जाएगा।

     विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सोमवार को अजमेर सर्किट हाऊस में बैठक लेकर शहर में सड़कों और नालों की स्थिति की समीक्षा की तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। बैठक में जिला कलक्टर लोक बन्धु, नगर निगम आयुक्त देशलदान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि शहर में अजमेर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, आरएसआरडीसी व अन्य एजेंसियों की सड़कें हैं। अलग-अलग एजेंसियों की सड़कें होने से रखरखाव एवं निर्माण को लेकर आपसी समन्वय की कमी आती है। ऐसे में सभी सड़कें एडीए को सौंपी जाए ताकि एक ही एजेन्सी होने से कामकाज में किसी तरह की परेशानी नहीं आए।

देवनानी ने शहर में नई बनी सड़कों को बार-बार तोड़े जाने पर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि आईजीएल एवं अन्य कंपनियां बिना किसी से परमिशन लिए सड़कों को खोदना शुरू कर देती है। अब अजमेर की किसी भी सड़क को खोदने के लिए नगर निगम आयुक्त की परमिशन ली जाएगी। उन्होंने अजमेर विकास प्राधिकरण को निर्देश दिए कि मित्तल अस्पताल से टेलीफोन एक्सचेंज तक सड़क के निर्माण कार्य को तेज किया जाए, डिवाईडर नियमानुसार बनाए जाए। उन्होंने इस सड़क पर टाटा पावर के पोल व लाईनों को शिफ्ट करने के लिए टाटा पावर लिमिटेड के सीईओ श्री पल्लव जैन को कहा कि मौके पर जाकर कार्यवाही शुरू करवाए।

     विधानसभा अध्यक्ष ने जिला कलक्टर को निर्देश दिए कि पिछले एक साल में अजमेर शहर, खासकर अजमेर उत्तर में बनी सभी सड़कों व नालों की थर्ड पार्टी जांच करवाई जाए। जहां भी सड़कों व नालों में कमियां पाई जाती है, वहां संबंधित ठेकेदार और अफसरों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाए। गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब तक जितनी भी सड़कों का निर्माण कार्य शुरू करवाया गया है, उन्हें बारिश से पूर्व पूर्ण कर लें। नगर निगम को निर्देश दिए कि बारिश से पूर्व सभी प्रमुख नालों की सफाई हो ताकि बहाव अवरूद्ध होने के कारण पानी सड़कों पर नहीं आए। ऐलीवेटेड रोड़ के नीचे सड़क व ब्लॉक का निर्माण भी सही तरीके से करवाया जाए।

     उन्होंने कहा कि नगर निगम के जितने भी संविदा सफाई कर्मचारी हटाए गए है, उन्हें तार्किक ढ़ंग से काम पर रखा जाए ताकि शहर की सफाई प्रभावित नहीं हो। जलदाय विभाग को निर्देशित किया गया कि बजट घोषणा 2025-26 में स्वीकृत सभी हैंडपंप व ट्यूबवेल कार्य जल्द पूरे करें। श्री देवनानी ने कहा कि स्वायत शासन विभाग व पीडब्ल्यूडी के कुछ ठेकेदार जानबूझकर काम नहीं कर रहे हैं और विकास कार्यों में देरी हो रही है, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई करें और अगर कोई अफसर लापरवाही बरतता है तो उसकी भी जिम्मेदारी तय की जाए।

     उन्होंने माकड़वाली, लोहागल, हाथीखेडा, वरूण सागर रोड़ एवं शहर के विभिन्न हिस्सों में जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। जलदाय विभाग को निर्देश दिए कि जलापूर्ति नियमित समय पर की जाए। बैठक में अजमेर विकास प्राधिकरण, पीडब्ल्यूडी, नगर निगम, आरएसआरडीसी, टाटा पावर, जलदाय विभाग एवं जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous

विधानसभा अध्यक्ष ने किया वार्ड 66 में विभिन्न विकास कार्यों का शुभारम्भ— पार्क में बच्चों को झूले, कुंए पर जालिया और क्षेत्र को मिली सड़क

Next

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रवाना हुए