एसपी अंबाला ने विद्यार्थियों को दिलाई शपथ, बोले—"70% मौतें हेलमेट न पहनने के कारण"
जे कुमार अंबाला शहर, 30 जनवरी 2026: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत अंबाला पुलिस और भारत विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आज मुरलीधर डी.ए.वी. सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक (SP) श्री अजीत सिंह शेखावत ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और स्वयं मोर्चा संभालते हुए युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीर होने का संदेश दिया।
सैकड़ों विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों को संबोधित करते हुए एसपी अजीत सिंह शेखावत ने सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े साझा किए। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष सड़क दुर्घटनाओं में हुई मौतों में से 70 प्रतिशत दोपहिया वाहन चालकों ने केवल हेलमेट न पहनने के कारण अपनी जान गवाई। उन्होंने जोर देकर कहा कि सड़क पर बरती गई एक छोटी सी सावधानी न केवल चालक की जान बचाती है, बल्कि उसके पूरे परिवार की खुशियों को भी सुरक्षित रखती है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन किसी कानूनी डर से नहीं, बल्कि अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझकर करें।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की सामूहिक शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने प्रण लिया कि वे स्वयं नियमों का पालन करेंगे और अपने अभिभावकों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। इस दौरान हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ओवरस्पीडिंग रोकने और नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने (Underage Driving) जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य राजेश मक्कड़ ने जानकारी दी कि आज अंबाला के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में एक साथ बड़े स्तर पर अभियान चलाया गया। एस.ए. जैन विजय वल्लभ स्कूल में एएसपी उत्तम सिंह, के.पी.ए.के. महाविद्यालय में आरटीए सुशील कुमार, जी.आर.एस.डी. स्कूल में डीएसपी वरिन्दर शर्मा और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बलदेव नगर में डीईईओ सुधीर कालड़ा ने बच्चों को जागरूक किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सूरी ने पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना की। इस अवसर पर डी.ए.वी. संस्था से चोपड़ा और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
#RoadSafetyAmbala #SarakSuraksha #AmbalaPolice #HelmetSavesLife #SafetyFirst #NationalRoadSafetyMonth #TrafficRules #YouthAwareness #AmbalaCityNews