23/03/26

सोनीपत: मुरथल से परांठे खाकर लौट रहे दोस्तों के साथ बड़ा हादसा, डिवाइडर से टकराई कार; दो की मौके पर ही मौत

सोनीपत, 23 मार्च (अन्‍नू): सोनीपत में नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क दुर्घटना में दिल्ली के दो दोस्तों की जान चली गई। दिल्ली से मुरथल के मशहूर परांठे खाने निकले सात दोस्तों की खुशी उस समय मातम में बदल गई, जब वापसी के सफर के दौरान राई थाना क्षेत्र के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। इस जबरदस्त टक्कर में कार चला रहे युवक और उसके एक अन्य साथी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी मित्र इस हादसे में घायल हो गए।


परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली के भजनपुरा (चांद बाग) निवासी मोहम्मद अकरम का 25 वर्षीय भतीजा बिलाल अपने छह दोस्तों के साथ रात करीब 1 बजे मुरथल के लिए निकला था। सभी ने वहां साथ खाना खाया और तड़के वापस दिल्ली लौट रहे थे। इसी बीच राई के पास कार बेकाबू हो गई। हादसे में बिलाल और 24 वर्षीय विशाल की जान चली गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर राहत कार्य शुरू किया और घायलों को उपचार के लिए भिजवाया।


मृतक बिलाल के घर में जल्द ही शहनाइयां बजने वाली थीं, जिसकी तैयारियों में परिवार जुटा हुआ था। एक साल पहले ही उसकी सगाई हुई थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। बिलाल के पिता का निधन पहले ही हो चुका है और अब वह अपनी मां, भाई और बहन को रोता-बिलखता छोड़ गया है। वहीं, विशाल की मौत की खबर ने उसके परिवार को भी गहरे सदमे में डाल दिया है।

राई थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि परिजनों के बयानों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हादसा तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या ड्राइवर को नींद आने के कारण कार असंतुलित हुई।


 #SonipatNews #RoadAccident #Murthal #NationalHighway #DelhiNews #TragicAccident #HaryanaPolice #RoadSafety #Bhajanpura #DanikKhabar

Previous

पानीपत: बाइक की टंकी फुल कराकर घर लाए थे, अचानक लगी आग से पूरा मकान जला; कमरे में सो रहे मां-बच्चे बेहोश

Next

गुरुग्राम: NH-48 पर अज्ञात वाहन ने ऑटो को मारी टक्कर, बिहार के चालक की मौत; परिवार का इकलौता सहारा छीना