15/06/25

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने चूरू जिले के बीरमसर में किया 'वंदे गंगा- जल संरक्षण जन अभियान' के अंतर्गत जल पूजन

एन.एस. बाछल, 15 जून, जयपुर।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री तथा चूरू जिला प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने शनिवार को चूरू जिले के बीरमसर में 'वंदे गंगा- जल संरक्षण जन अभियान' के अंतर्गत जल पूजन व पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों की उपस्थिति में 'नशामुक्त भारत अभियान' के पोस्टर तथा 'बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ' बुकलेट का विमोचन किया। उन्होंने नशा मुक्त भारत अभियान के जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्य कार्यक्रम में संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री गहलोत ने कहा कि हम सभी पर्यावरण व जल संरक्षण का महत्व समझें। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने जल संरक्षण का संकल्प लिया है। हम सभी मिलकर मुख्यमंत्री के इस संकल्प को आगे बढ़ाएं। जल संरक्षण वर्तमान की सबसे बड़ी आवश्यकता है, इसलिए हम प्राकृतिक जल स्रोतों, कुंड, कुओं, बावड़ी, सरोवर आदि के पानी को सहेजें व उनका संतुलित उपयोग करें। हम प्रयास करें कि वर्षा जल का अधिकतम संचय करें।  उन्होंने कहा कि हम अपने गांव - कस्बे में स्थित जल स्रोतों की मरम्मत एवं रखरखाव रखें। हम सभी इसकी गंभीरता को समझेंगे तभी प्रकृति और प्राकृतिक संसाधनों का पीढ़ियों तक उपयोग ले सकेंगे।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि हम देख रहे हैं कि वर्तमान में पृथ्वी का तापमान काफी बढ़ रहा है। इस तापमान पर नियंत्रण के लिए हमें अधिकाधिक वृक्षारोपण की आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाए तथा उसकी समुचित सार- संभाल करते हुए जीवित रखे। पेड़ हमें सदियों तक आशीर्वाद देते हैं। राज्य सरकार ने इस बार 10 करोड़ से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। प्रत्येक  विभाग को इसके लक्ष्य दिए गए हैं। अभियान की सार्थकता के लिए प्रत्येक ग्रामवासी इस मुहिम से जुड़े और एक पौधे को गोद लेते हुए उसकी पूरी देखभाल करें।

गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी व आत्मनिर्भर  भारत के संकल्प को साकार करने के लिए हम स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करें और रोजगार की संभावनाओं को बढ़ाएं। साथ ही, राजीविका व स्थानीय उत्पादों को संबल दें।

उन्होंने नशामुक्त भारत अभियान के पोस्टर का विमोचन करते हुए कहा कि नशा नाश की जड़ है। हम स्वयं नशे को त्यागें और अन्य लोगों को भी जागरूक करते हुए समाज, गांव, जिले और देश- प्रदेश को नशा मुक्त बनाएं। इसी के साथ दैनिक जीवन में योग-व्यायाम आदि शारीरिक गतिविधियों को शामिल करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश व केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में आमजन को जागरूक करते हुए लाभान्वित करें।

 

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश में मृतकों को श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। प्रभारी मंत्री ने उपस्थितों को जल संरक्षण का संकल्प भी दिलाया।

जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने अभियान अंतर्गत आयोजित गतिविधियों की जानकारी देते हुए अधिकाधिक जल संरक्षण व वृक्षारोपण की अपील की।

Previous

हरियाणा में पंचायतों को मिलेगा अब स्टाम्प ड्यूटी का सीधा लाभ: विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार

Next

जनप्रतिनिधि, अधिकारी आपसी समन्वय से कल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को गति दें—सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री