29/04/25

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने पंजाब के राज्यपाल गुलाब चन्द कटारिया को राजस्थान विधान सभा की डायरी भेंट की

एन.एस. बाछल, 29 अप्रैल, जयपुर।

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने पंजाब के राज्यपाल गुलाब चन्द कटारिया का सोमवार को विधान सभा पहुँचने पर पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। श्री देवनानी ने कटारिया को राजस्थान विधान सभा में नवाचारों का एक वर्ष पुस्तक, विक्रम संवत 2082 की विधान सभा डायरी, विधान सभा के वॉल व टेबल कैलेण्डर और विधान सभा दूरभाष निर्देशिका भेंट की। वासुदेव देवनानी ने गुलाब चन्द कटारिया का दुपट्टा पहनाकर अभिनन्दन किया।

श्री देवनानी और श्री कटारिया की राजस्थान विधान सभा सहित अनेक बिन्दुओं पर लगभग आधे घंटे तक चर्चा हुई। पंजाब के राज्यपाल गुलाब चन्द कटारिया ने राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष देवनानी द्वारा भारतीय वर्ष के अनुसार डायरी प्रकाशन की सराहना करते हुए इसे युवा पीढी को तिथियों की जानकारी से अवगत कराने वाली अभिनव पहल बताया। देवनानी ने कहा कि राजस्थान विधान सभा का यह प्रकाशन अन्य राज्य विधानसभाओं के लिए भी अनुकरणीय है।

श्री देवनानी ने श्री कटारिया को बताया कि महापुरुषों के स्मरण को बनाये रखने के लिए विधान सभा दैनन्दिनी में महापुरुषों के चित्रों को शामिल किया गया है ताकि उनके आदर्श जीवन से लोग प्रेरणा ले सके। डायरी में भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर, वीर शिरोमणी महाराणा प्रताप, भगवान महावीर, डॉ. ए.पी.जे अब्दुल कलाम, सुभाष चन्द्र बोस, डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन, सरदार वल्लभ भाई पटेल, केसरी सिंह बारहठ, अरविन्द घोष, स्वामी विवेकानंद, अहिल्या बाई होल्कर और भगत सिंह के चित्रों का समावेश किया गया है।

Previous

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युग्म इनोवेशन कॉन्क्लेव को संबोधित किया

Next

तीर्थराज पुष्कर में ब्रह्मा मंदिर कॉरिडोर को प्रमुख धार्मिक पर्यटन केन्द्र के रूप में किया जाए विकसित - मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा