हरियाणा में सनसनीखेज खुलासा: ट्रेन में मोबाइल चोरी होने पर सो रहे युवक को उतारा मौत के घाट, हिसार GRP ने सुलझाई हत्या की गुत्थी
हरियाणा/हिसार, 21 फरवरी (अन्नू): हरियाणा की हिसार जीआरपी पुलिस ने एक पेचीदा हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए उत्तर प्रदेश के एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह मामला करीब सात महीने पुराना है, जब हिसार-सिरसा रेलवे ट्रैक पर एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश बरामद हुई थी। मृतक के हाथ बंधे हुए थे, जिससे पुलिस को पहले दिन से ही हत्या का अंदेशा था। जीआरपी थाना प्रभारी श्याम सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने निरंतर जांच जारी रखी और अंततः शुक्रवार को यूपी से ताल्लुक रखने वाले एक आरोपी को धर दबोचा, जो चाकूबाजी की घटनाओं में भी संलिप्त रहा है।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने जो खुलासा किया, वह बेहद चौंकाने वाला है। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और पंजाब से अपने एक मित्र के साथ हिसार आ रहा था। सफर के दौरान ट्रेन में उसके साथी का मोबाइल फोन चोरी हो गया। मोबाइल न मिलने पर उन्हें अपनी ही पास वाली सीट पर सो रहे एक अनजान युवक पर चोरी का संदेह हुआ। गुस्से में आकर आरोपी और उसके साथी ने उस युवक की बेहरमी से पिटाई की और बाद में कपड़े से गला घोंटकर उसकी जान ले ली।
वारदात को अंजाम देने के बाद, साक्ष्यों को मिटाने और मामले को दुर्घटना का रूप देने के उद्देश्य से उन्होंने मृतक के हाथ बांध दिए और शव को चलती ट्रेन से रेलवे ट्रैक पर फेंक कर फरार हो गए। महीनों की कड़ी मशक्कत और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आखिरकार कातिल तक पहुँचने में कामयाब रही। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और अब पुलिस उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है ताकि वारदात में शामिल अन्य पहलुओं की जांच की जा सके।
#HisarNews #GRP #CrimeUpdate #HaryanaPolice #Justice #RailtrackMurder #BreakingNews