17/05/25

वरिष्ठ अध्यापक (संस्कृत शिक्षा विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2024- अभ्यर्थियों को ऑनलाइन भरना होगा विस्तृत आवेदन-पत्र

एन.एस. बाछल, 17 मई, जयपुर।

राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित वरिष्ठ अध्यापक (संस्कृत शिक्षा विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2024 अंतर्गत गणित एवं विज्ञान विषय की विचारित सूचियों में सफल अभ्यर्थियों को विस्तृत आवेदन-पत्र ऑनलाइन भरने होंगे। विस्तृत आवेदन पत्र ऑनलाइन भरने का लिंक 19 से 25 मई  (रात्रि 11.59) तक खोला जाएगा। अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन तथा दस्तावेज सत्यापन के संबंध में आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना भी आवश्यक रूप से सुनिश्चित करनी होगी। इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। 

संस्कृत शिक्षा विभाग द्वारा की जाएगी विस्तृत आवेदन-पत्र व दस्तावेजों की जांच-

आयोग सचिव ने बताया कि उक्त परीक्षान्तर्गत गणित एवं विज्ञान विषय की विचारित सूचियां 12 मई 2025 को जारी की गई थी। विचारित सूचियों में अस्थाई रूप से सम्मिलित किए गए सभी अभ्यर्थियों को सूचित किया जाता है कि वे अपने एसएसओ आईडी के माध्यम से रिक्रूटमेंट पोर्टल पर माय रिक्रूटमेंट-डीटेल्ड फॉर्म कम स्क्रूटनी- अप्लाई नाउ का चयन कर अपना विस्तृत आवेदन पत्र ऑनलाइन भरें। विस्तृत आवेदन-पत्र व दस्तावेजों की जांच संस्कृत शिक्षा विभाग द्वारा ही की जायेगी।

अतः ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने व सबमिट करने के उपरांत प्रिंट ऑप्शन पर जाकर सम्पूर्ण विस्तृत आवेदन पत्र को 02 प्रतियों में प्रिंट कर अपने पास संभाल कर रखें एवं संस्कृत शिक्षा विभाग, राजस्थान, जयपुर की सूचना के अनुसार निर्धारित दिनांक, समय व स्थान पर विस्तृत आवेदन-पत्र (दो प्रतियों में) मय समस्त मूल दस्तावेजों व स्वयं सत्यापित प्रतियों सहित उपस्थित होवें। इस हेतु संबंधित विभाग द्वारा ही उचित माध्यम से अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन हेतु सूचित कराने की कार्यवाही संपादित की जायेगी एवं राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा अलग से कोई सूचना अभ्यर्थियों को प्रेषित नहीं की जायेगी। विभाग द्वारा दस्तावेज सत्यापन हेतु निर्धारित तिथि को उपस्थित नहीं होने पर अभ्यर्थी को अपात्र मानते हुए परिणाम में विचारित नहीं किया जायेगा। संबंधित विभाग से दस्तावेज जांच/सत्यापन उपरांत, पात्र अभ्यर्थियों की सूची विभाग द्वारा आयोग को भेजी जाएगी, जिसके उपरांत आयोग द्वारा परिणाम जारी कर चयनित अभ्यर्थियों के नाम नियुक्ति हेतु संबंधित विभाग को अभिस्तावित किये जायेंगे।

Previous

गुलाब जती महाराज की बरसोदी महोत्सव कार्यक्रम में हुए शामिल, संतों का लिया आशीर्वाद

Next

एम.सेण्ड इकाइयों के 109 प्लॉटों का डेलिनियेशन कर ऑक्शन होगा -प्रमुख शासन सचिव, माइन्स