16/02/26

रोहित शेट्टी फायरिंग केस: हरियाणा एसटीएफ और मुंबई पुलिस का बड़ा एक्शन, 4 शूटर गिरफ्तार

मुंबई, 16 फ़रवरी (अन्‍नू): फिल्म जगत के जाने-माने निर्देशक रोहित शेट्टी के आवास पर हुई गोलीबारी के मामले में हरियाणा की बहादुरगढ़ एसटीएफ (STF) और मुंबई पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने इस मामले में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े चार संदिग्धों को झज्जर जिले से दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रितिक यादव, दीपक, सनी और सोनू के रूप में हुई है, जिनमें से तीन उत्तर प्रदेश के आगरा के रहने वाले हैं और एक नोएडा का निवासी है।



जांच में यह बात सामने आई है कि इस हमले का मुख्य उद्देश्य फिल्म जगत की हस्तियों में खौफ पैदा कर उनसे मोटी रकम वसूलना था। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी गैंग के इशारों पर मशहूर हस्तियों को निशाना बनाते थे ताकि दहशत का माहौल बनाकर रंगदारी वसूली जा सके। इससे पहले 5 फरवरी को पुलिस ने आसाराम फसाले नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया था, जो पेशे से मैकेनिक था और गैंग के मास्टरमाइंड शुभम लोंकर के संपर्क में रहकर हथियारों की खेप पहुँचाने का काम करता था।



यह पूरी घटना 31 जनवरी की आधी रात को मुंबई के जुहू स्थित रोहित शेट्टी के घर 'शेट्टी टावर' के बाहर हुई थी। हमलावरों ने वहां पांच राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली इमारत के जिम की खिड़की पर जा लगी। घटना के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई थी, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शुभम लोंकर और आरजू बिश्नोई ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए रोहित शेट्टी को सीधे शब्दों में धमकी दी थी। पोस्ट में चेतावनी दी गई थी कि यह महज एक 'ट्रेलर' है और अगर उनकी शर्तें नहीं मानी गईं, तो अगला हमला घर के भीतर होगा।


गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का मानना है कि इन गिरफ्तारियों से बिश्नोई गैंग के बॉलीवुड नेटवर्क को तोड़ने में मदद मिलेगी। शुभम लोंकर, जो इस पूरी साजिश के पीछे मुख्य संदिग्ध माना जा रहा है, वह पहले से ही एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में भी वांछित है। फिलहाल, पुलिस इन आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और भविष्य की योजनाओं का खुलासा किया जा सके।


#RohitShetty #LawrenceBishnoiGang #MumbaiPolice #HaryanaSTF #BollywoodNews #CrimeUpdate #JhajjarPolice #SecurityAlert #ExtortionCase #ShubhamLonkar


Next

बॉलीवुड पर फिर मंडराया खतरा: रणवीर सिंह और रोहित शेट्टी को मिली जान से मारने की धमकी