10/02/26

जी.एम.एन. कॉलेज में गूंजा सड़क सुरक्षा का संदेश: एएसआई मान सिंह ने विद्यार्थियों को ट्रैफिक नियमों के प्रति किया जागरूक

जे कुमार अम्बाला छावनी, 10 फरवरी 2026: जी.एम.एन. कॉलेज में आज रोड सेफ्टी क्लब और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में 'ट्रैफिक रूल्स एंड रेगुलेशन' विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाना और उन्हें यातायात के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना था।

अम्बाला कैंट पुलिस विभाग से मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित एएसआई मान सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सड़क पर बरती गई छोटी सी सावधानी भी अनमोल जीवन को बचा सकती है। उन्होंने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की स्थिति में वाहन न चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग न करने जैसे अनिवार्य नियमों पर विशेष जोर दिया। व्याख्यान के अंत में उन्होंने सभी उपस्थित विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों को सड़क सुरक्षा के नियमों का निष्ठा से पालन करने की शपथ भी दिलवाई।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थी समाज के सजग प्रहरी हैं। उन्हें न केवल स्वयं नियमों का पालन करना चाहिए, बल्कि अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग के सहयोग से आयोजित ऐसे कार्यक्रम युवाओं को जिम्मेदार और अनुशासित नागरिक बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम हैं।

कार्यक्रम के दौरान रोड सेफ्टी क्लब के कन्वीनर डॉ. कुलदीप यादव, डॉ. राजेश सैनी और डॉ. सरोज बाला ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा आज की अनिवार्य सामाजिक आवश्यकता है। इस अवसर पर एनएसएस सलाहकार समिति की सदस्य गीती बिंद्रा, हर्षिता और राजिन्दर मीरवाल सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

#GMNCollege #RoadSafety #TrafficRules #AmbalaCanttPolice #AwarenessProgram #YouthResponsibility #SafeDriving #NSSIndia #TrafficSafetyAwareness

Previous

ग्वालियर में आस्था पर भारी पड़ी अव्यवस्था: नवग्रह पीठ महोत्सव में भगदड़, एक महिला की मौत, कई घायल

Next

आरबीएसके की बड़ी राहत: पीजीआई चंडीगढ़ में अम्बाला के 15 बच्चों की हुई हृदय जांच, 4 को मिली सर्जरी की सलाह