राजस्थान और गोवा पर्यटन की दृष्टि से राष्ट्र के ऎतिहासिक धरोहर हैं
एन.एस. बाछल, 09 अप्रैल, जयपुर।
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा है कि राजस्थान और गोवा पर्यटन की दृष्टि से राष्ट्र के ऎतिहासिक धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि गोवा में समुद्र तट और राजस्थान में रेत के धोरे देश व विदेश के लोगो के लिये आकर्षण के केन्द्र हैं। राजस्थान की जीवनशैली सादगी और आतिथ्य प्रेम के लिये और गोवा की जीवनशैली प्रकृति से निकटता से जुडने का माध्यम है। राज्यों की सांस्कृतिक विविधता ही राष्ट्र की एकता का परिचायक है।
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गोवा में राजस्थान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस कार्यक्रम में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत व केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीपद नायक भी उपस्थित रहे। यह समारोह ''एक भारत, श्रेष्ठ भारत'' के तहत आयोजित किया गया। समारोह में बडी संख्या में राजस्थानी प्रवासी मौजूद थे। समारोह में राजस्थान के लोक नृत्य और गीत प्रस्तुत किये गये। समारोह का शुभारंभ श्री देवनानी ने दीप प्रज्जवलित करके किया। देवनानी का गोवा की धरती पर राजस्थानी साफा पहनाकर स्वागत किया गया।
देवनानी ने कहा कि गोवा में राजस्थान के शौर्य, त्याग, बलिदान, साहस एवं समृद्ध सांस्कृतिक परम्पराओं को याद करते हुये राजस्थान दिवस का आयोजन राजस्थान व राजस्थान के लोगों के लिये गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि राजस्थान और गोवा में सांस्कृतिक समानताएं है। दोनों राज्यों का विविधतापूर्ण प्राकृतिक सौन्दर्य ऎतिहासिक गौरव है। गोवा की पहचान मनोहारी समुद्री तट है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गोवा और राजस्थान के बुनियादी ढांचा विकास, पर्यटन संवर्धन और ऊर्जा संरक्षण के लिये विशेष प्रयास किये गये हैं। दोनों राज्यों के किले केवल स्थापत्य के ही उदाहरण नहीं है बल्कि वे संघर्ष और इतिहास के साक्षी है।
वासुदेव देवनानी ने कहा कि राजस्थान के लोग देश और विदेश में प्रदेश का नाम रोशन कर रहे है। उन्होंने राजस्थान के प्रवासियों को अपनी जड़ों से जुड़ने का आव्हान किया। इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों के लोगों का सम्मान किया।
वासुदेव देवनानी ने गोवा के मुख्यमंत्री से की शिष्टाचार मुलाकात-
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गोवा प्रवास के दौरान गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सांवत से मुख्यमंत्री आवास पर शिष्टाचार भेंट की। देवनानी ने सावंत से विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा की। देवनानी ने सावंत को राजस्थान विधानसभा का स्मृति चिन्ह, विधानसभा दैनंदिनी और नवाचारों का एक वर्ष पुस्तक भेंट की।
राजस्थान विधानसभा में नवाचारों के एक वर्ष पुस्तक के लिये गोवा के मुख्यमंत्री सावंत ने राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष देवनानी को शुभकामनाएं देते हुये कहा कि विधानसभा में उनकी पहल अन्य विधानसभाओं के लिये अनुकरणीय है। एक वर्ष में अनेक नवाचार श्री देवनानी की दूरदर्शिता का परिचायक है। जिसके परिणामों से राजस्थान विधानसभा को नई दिशा मिल सकेगी।