जीएमएन कॉलेज में गीता जयंती पर क्विज़ प्रतियोगिता, डॉ. रोहित दत्त बोले- "गीता का ज्ञान जीवन का पथ प्रदर्शन"
जे कुमार, अम्बाला 19 नवम्बर - गांधी मेमोरियल नेशनल (जीएमएन) कॉलेज, अंबाला छावनी के संस्कृत विभाग ने हिंदी एवं अंग्रेज़ी विभाग के सहयोग से गीता जयंती के उपलक्ष्य में एक क्विज़ प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में भगवद्गीता के नैतिक, दार्शनिक और सांस्कृतिक संदेशों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें भारतीय मूल्य प्रणाली और सकारात्मक सोच से जोड़ना था।
प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना, अध्ययन में रुचि, तार्किक सोच तथा टीमवर्क को प्रोत्साहन मिला। प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि गीता का ज्ञान सदैव जीवन में मार्गदर्शन प्रदान करता है। इस प्रकार के आयोजन छात्रों के बौद्धिक विकास और व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम की संयोजिका प्रियंका बल्दिया ने गीता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भोजन से पूर्व उच्चारित किया जाने वाला प्रेरणादायी श्लोक प्रस्तुत किया, जो अन्न की शुद्धि और कृतज्ञता भाव का संदेश देता है। इस कार्यक्रम में इस्कॉन स्वयंसेवक चिराग सिंगल और अनुराग रौत ने मुख्य वक्ता के रूप में भूमिका निभाई। उन्होंने गीता के द्वितीय अध्याय 'कर्मयोग' पर प्रकाश डाला और विद्यार्थियों को निःस्वार्थ कर्म के महत्व के बारे में समझाया।
विभागीय शिक्षकों ने इस पहल को उपयोगी बताते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों के लिए गीता के सार को सरल और रोचक तरीके से समझने का एक सार्थक अवसर सिद्ध हुई। कार्यक्रम में डॉ. रितु गुप्ता, डॉ. अनीश और डॉ. अमित ने सहभागिता दिखाई। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर गीता जयंती के महत्व को और अधिक सार्थक बनाया।
#ambala #News #gmncollege #quiz-competition #geeta-jayanti