चम्बल कमाण्ड एरिया में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांच करवाई जाएगी
एन. एस. बाछल, 07 मार्च, जयपुर।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार द्वारा चम्बल कमाण्ड एरिया की नहरों में करवाये जा रहे निर्माण कार्यों की जांच जल संसाधन विभाग की गुण नियंत्रण इकाई जयपुर द्वारा स्वतंत्र रूप से करवाई जाएगी।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य द्वारा इस सम्बन्ध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का सिंचित क्षेत्र विकास मंत्री की ओर से जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि मार्च माह के अंतिम सप्ताह तक इस नहर में पानी रोके जाने के बाद निर्माण कार्यों का भौतिक निरीक्षण किया जा सकेगा।
इससे पहले विधायक ललित मीना के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सिंचित क्षेत्र विकास चम्बल कमाण्ड एरिया में अधीक्षण अभियन्ता, सिंचाई वृत व बांई मुख्य नहर वृत सीएडी कोटा के अधीन नहरों के सुदृढ़ीकरण के कार्यों के अन्तर्गत मुख्य रूप से नहरों की लाइनिंग के कार्य करवाये जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नहरों में सीसी लाइनिंग एम-15 कंक्रीट से करायी जा रही है। इसके अलावा टाइल लाइनिंग 600एमएम×300एमएम×50एमएम एवं 300एमएम×300एमएम×50एमएम साइज की एम-15 कंक्रीट टाइल से करवाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि सिंचित क्षेत्र विकास एवं जल उपयोगिता विभाग को चम्बल कमाण्ड एरिया में निर्माण कार्यों में गुणवत्ताहीन कार्य करवाने की कुल 7 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 4 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है एवं 3 शिकायतों में जांच की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। उन्होंने इनका विवरण सदन के पटल पर रखा।