पंजाब: डेरा बाबा नानक में मेडिकल स्टोर मालिक की दिनदहाड़े हत्या; गैंगस्टर ने ली कत्ल की जिम्मेदारी
पंजाब, 28 जनवरी (अन्नू ): पंजाब के गुरदासपुर जिले के डेरा बाबा नानक में बुधवार की सुबह उस वक्त दहशत फैल गई, जब बेदी मेडिकल स्टोर के मालिक रणबीर सिंह बेदी की गोलियों से हत्या कर दी गई। यह वारदात सुबह करीब 8 बजे हुई, जब रणबीर सिंह रोजाना की तरह अपनी दुकान खोल रहे थे। घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें उनके सिर में कई गोलियां लगीं।
गंभीर रूप से घायल रणबीर सिंह को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें अमृतसर रेफर कर दिया गया। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था; अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाके को सील कर दिया और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी।
इस सनसनीखेज हत्याकांड के कुछ ही देर बाद गैंगस्टर जीवन फौजी ने सोशल मीडिया के जरिए इस कत्ल की जिम्मेदारी ली है। गैंगस्टर ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि रणबीर सिंह बेदी उसके निशाने पर थे क्योंकि उनके कारण उसके साथियों को कानूनी परेशानियों और जेल का सामना करना पड़ा था। उसने यह भी चेतावनी दी कि जिन लोगों को उसने पहले फोन किया था और जिन्होंने उसकी बात नहीं मानी, उनका अंजाम भी बुरा होगा।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि रणबीर सिंह बेदी लंबे समय से अपराधियों के निशाने पर थे। पिछले साल 23 अक्टूबर को भी उनके स्टोर पर नकाबपोश बदमाशों ने फायरिंग की थी और उन्हें लगातार फिरौती की धमकियां मिल रही थीं। फिलहाल, पुलिस बाजार के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और परिवार के बयान दर्ज कर रही है ताकि इस साजिश की जड़ों तक पहुंचा जा सके और दोषियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
#PunjabNews #Gurdaspur #CrimeNews #DeraBabaNanak #LawAndOrder #HindiNews #PunjabPolice