प्रधानमंत्री ने नवरोज़ पर देशवासियों को बधाई दी
आरएस अनेजा, 20 मार्च नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नवरोज़ के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं दी हैं। मोदी ने कामना की है कि यह विशेष दिन सभी के लिए खुशियां, समृद्धि और बेहतर स्वास्थ्य लेकर आए।
प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया:
‘‘नवरोज मुबारक!
मैं कामना करता हूं कि यह विशेष दिन सभी के लिए सुख, समृद्धि और अच्छा स्वास्थ्य लेकर आए। आने वाला वर्ष सफलता और प्रगति का प्रतीक हो और सद्भाव के बंधन मजबूत हों। एक खुशहाल और संतोषप्रद वर्ष की शुभकामनाएं।"
गौरतलब है कि मध्य एशियाई मूल के पारसी समुदाय के लोग आज नवरोज मना रहे हैं। पारसी समुदाय देश की सबसे कम आबादी वाले अल्पसंख्यक समुदायों में से एक है। सरकार ने पारसी समुदाय की जनसंख्या में इजाफे को प्रोत्साहन देने के लिए ‘जियो पारसी योजना’ भी चला रखी है।
नवरोज़, जिसका अर्थ है "नया दिन", वसंत के पहले दिन और प्रकृति के नवीनीकरण को चिह्नित करने वाला एक पैतृक उत्सव है। इसमें अनुष्ठान, समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल हैं, साथ ही प्रियजनों के साथ विशेष भोजन का आनंद भी लिया जाता है। नए कपड़े पहने जाते हैं, परिवार और दोस्तों से मिलने जाते हैं और विशेष रूप से बच्चों के लिए उपहारों का आदान-प्रदान किया जाता है।
बाल्कन, काला सागर बेसिन, काकेशस, मध्य एशिया, मध्य पूर्व और अन्य क्षेत्रों में 3000 से अधिक वर्षों से मनाया जाने वाला यह त्यौहार पीढ़ियों के बीच और परिवारों के भीतर शांति और एकजुटता के मूल्यों के साथ-साथ मेल-मिलाप और पड़ोसियों के बीच सद्भावना को भी बढ़ावा देता है।