फरीदाबाद में पुलिस एनकाउंटर: बदमाश संदीप उर्फ चेंटा के पैर में लगी गोली, पिस्टल और बाइक बरामद
फरीदाबाद, 22 मई (अन्नू): फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने एक मुठभेड़ (एनकाउंटर) के बाद फरीदाबाद के वांछित और बेहद शातिर बदमाश संदीप उर्फ चेंटा को गिरफ्तार कर लिया है। घेराबंदी के दौरान खुद को फंसा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ 3 राउंड फायर झोंक दिए। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक गोली आरोपी संदीप के बाएं पैर में जा लगी, जिससे वह वहीं गिर गया। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
फज्जूपुर गांव के पास आधी रात को हुई मुठभेड़
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने मामले की पूरी जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। इस सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीम ने 21 और 22 मई की दरमियानी रात को थाना छांयसा के अंतर्गत आने वाले चांदपुर से अटाली रोड पर गांव फज्जूपुर के इलाके में जाल बिछाया। पुलिस ने जैसे ही मोटरसाइकिल सवार बदमाश को रुकने का इशारा किया, उसने पुलिस पर गोलियां चलाना शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की।
होटल कर्मचारी पर पिस्टल तानकर हत्या की कोशिश का है आरोप
प्रवक्ता ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश संदीप उर्फ चेंटा मूल रूप से फरीदाबाद के गांव मच्छगर का रहने वाला है। बीते 20 मई की सुबह उसने सेक्टर-12 कोर्ट मोड़ के पास स्थित 'चंदिला फूड होटल' पर सरेआम एक कर्मचारी के ऊपर पिस्टल तान दी थी और उसकी हत्या करने का प्रयास किया था। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही फरीदाबाद पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थीं।
मौके से अवैध हथियार और चोरी की बाइक बरामद, पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड
पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई एक पिस्टल और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी संदीप उर्फ चेंटा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी लूट, डकैती और हत्या के प्रयास जैसे कई संगीन और गंभीर अपराधों में शामिल रह चुका है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और सरकारी कर्मचारियों पर हमला करने की धाराओं के तहत नया मामला दर्ज कर लिया है और आगे की गहन जांच शुरू कर दी है।
#FaridabadEncounter #FaridabadCrimeBranch #SandeepChenta #PoliceActionFaridabad #HaryanaEncounter #CrimeNews #ChhainsaThana #DanikKhabar
Previous
अंबाला के साहा में पशु क्रूरता पर एक्शन: पिकअप गाड़ी में बेरहमी से ठूंसी गई भैंसें मुक्त, तस्करों पर केस दर्ज
Next